सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन व अन्य भत्तों में हुए फर्जीवाड़ा के आरोप में पानीपत सीआईए-टू ने बिजली निगम यमुनानगर के एक्सईएन कुलवंत सिंह व छछरौली सब डिवीजन के लाइनमैन सोनू को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को पुलिस अपनी गाड़ी में बिठाकर पानीपत सीआईए लेकर गई। पुलिस एक्सईएन व लाइनमैन सोनू को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी।
पानीपत सीआईए-टू की टीम वीरवार सुबह ही यमुनानगर पहुंच गई थी। टीम सीधे एक्सईएन यमुनानगर कार्यालय में पहुंची जहां से उन्होंने कुलवंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। एक्सईएन को लेकर टीम बिजली निगम के एसई कार्यालय में आई। बताया जा रहा है कि निगम के कई अधिकारियों ने उन्हें गिरफ्तार न करने की रिक्वेस्ट की, लेकिन पुलिस ने किसी की नहीं सुनी।