संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। मोहाली के तहत पड़ते गांव बलौंगी में देर रात पार्किंग के विवाद में एक युवक ने ट्रैक्टर चालक पर फायर कर दिया। बलौंगी के रहने वाले रजिंदर ने आरोप लगाया कि वह पार्किंग में ट्रैक्टर लगाकर खड़ा था, उसी दौरान किराये पर रह रहे कुछ युवकों ने पार्किंग को लेकर विवाद शुरू कर दिया। तैश में आए किराएदार युवकों ने उस पर गोली चला दी। गनीमत रही की वह बच गया।
गोली उसके कान से पास से निकल गई और सामने दीवार में जा लगी। वहीं, कुछ युवकों ने उसके सिर पर पिस्टल के बट से वार कर उसे घायल कर दिया। हमलावर मौके से हथियारों सहित ऑल्टो में फरार हो गए। उसे इलाज के लिए फेज-6 अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उसके सिर पर सात टांके लगे हैं। इस हमले की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। बलौंगी पुलिस ने फुटेज कब्जे में ली है। हमलावरों की पहचान की जा रही है। इस मामले में बलौंगी थाने में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ इरादा कत्ल व आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
रजिंदर के बेटे सन्नी ने बताया कि उनका पानी के टैंकर किराए पर देने का काम है। वीरवार को सुबह करीब साढ़े दस बजे वह पिता के साथ बलौंगी में किसी के घर से पानी का टैंकर लेने ट्रैक्टर पर जा रहे थे। कुछ दूर जाकर बीच रास्ते में एक कार बीच सड़क में गलत तरीके से खड़ी थी। जब उन्होंने रास्ता मांगने के लिए हॉर्न बजाया तो सामने पीजी में रहने वाला एक लड़का गाड़ी हटाने नीचे आ गया। रजिंदर ने नीचे आए युवक से कहा कि रास्ते में गाड़ी थोड़ा ध्यान से खड़ी कर लिया करो। तभी पीजी कमरे की बाल्कनी में खड़े दूसरे युवक ने रजिंदर को गाली निकाल दी।
उसने ऊपर से अपने साथी को गाड़ी मौके से नहीं हटाने के लिए कहा। रजिंदर ने उससे कहा कि उसे जल्दी है, उसने आगे जाना है तो पीजी से तीन युवक और नीचे आ गए। सभी के हाथ में पिस्टल थी, जिसमें एक युवक ने आते ही फायर किया और पिस्टल उसके सिर पर तान दी। गोली रजिंदर के कान के पास से निकली और सामने दीवार पर जाकर लगी। रजिंदर ने जब पिस्टल तानकर खड़े युवक का हाथ हटाया तो उसके पीछे खड़े लड़कों ने पिस्टल के बट से उसके सिर पर वार कर दिया। उसके सिर से खून बहने लगा तो उसका बेटा रजिंदर को छुड़ाकर साथ के घर में ले गया। इसके बाद रजिंदर के बेटे सन्नी से घबराए हमलावरों ने माफी मांगी। वहीं मौके पर गोली की आवाज सुनकर लोग इकट्ठे हो गए। भीड़ इकट्ठी होते देख सभी हमलावर फरार हो गए। इसके बाद बेटे सन्नी ने पिता को फेज-6 के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। घायल के सिर पर सात टांके लगे हैं।
कोट्स:
हमलावर ऑल्टो कार में फरार हुए थे। गाड़ी का नंबर ट्रेस कर लिया है। गाड़ी में पांच से छह हमलावर हैं। पहचान की जा रही है। फिलहाल अज्ञात के खिलाफ आईपीसी की धारा 307, 323, 506, 336, 148, 149 व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
-सुमित मोर, एसएचओ, थाना बलौंगी।