सिविल अस्पताल सेक्टर-6 में पानी भरने से टूटी मशीनों की कनेक्टिविटी, दोपहर ढाई बजे तक सेवा बहाल नहीं हुई कई मरीज बिना रिपोर्ट लौटे
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल में सोमवार को छत से पानी टपकने के कारण एक्सरे रूम की दोनों स्कैनिंग मशीनें बंद हो गईं। इससे एक्सरे सेवाएं प्रभावित हो गईं और मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ा। कई मरीजों को बिना रिपोर्ट लिए ही वापस लौटना पड़ा।
अस्पताल कर्मचारियों के अनुसार सुबह से दोपहर तक एक्सरे का कार्य सामान्य रूप से चल रहा था। दोपहर करीब एक बजे एक्सरे रूम की छत से पानी टपकना शुरू हो गया। देखते ही देखते पानी मरीजों के एक्सरे टेबल तक पहुंच गया। पानी रिसने के कारण फर्श के नीचे बिछी वायरिंग में फॉल्ट आ गया, जिससे मशीनों और सिस्टम की कनेक्टिविटी प्रभावित हो गई।
सुरक्षा के मद्देनजर दोनों स्कैनिंग मशीनों को तत्काल बंद कर दिया गया और मामले की सूचना मेंटेनेंस विंग को दी गई। इस दौरान केवल रजिस्ट्रेशन और एंट्री से संबंधित कंप्यूटर ही चालू रहे, जिन पर मरीजों की पर्चियां और रिकॉर्ड दर्ज किए जाते रहे।
ढाई बजे तक नहीं हो सकी बहाली
छत से पानी टपकने की सूचना मिलने के बाद मेंटेनेंस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन दोपहर 2:30 बजे तक भी समस्या का समाधान नहीं हो सका। कर्मचारियों ने बताया कि बिजली से संबंधित फॉल्ट की जांच की जा रही है और मशीनों को सुरक्षित तरीके से चालू करने का प्रयास किया जा रहा है।
एक्सरे सेवा बंद होने से अस्पताल में मरीजों की भीड़ लग गई। कई मरीज डॉक्टर की सलाह पर एक्सरे करवाने पहुंचे थे। कुछ मरीजों के एक्सरे हो चुके थे, लेकिन मशीनें बंद होने के कारण उनकी रिपोर्ट जारी नहीं हो सकी। वहीं, कई मरीजों के कार्ड जमा होने के बावजूद उनका परीक्षण नहीं हो पाया।
काफी देर से इंतजार करना पड़ रहा
सुखविंदर कौर अपनी बेटी हरमन की टांग का एक्सरे करवाने अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने बताया कि अस्पताल आने पर पता चला कि मशीनें बंद हैं और उन्हें काफी देर से इंतजार करना पड़ रहा है।
मशीन बंद होने के कारण रिपोर्ट नहीं मिल सकी।
सेक्टर-19 निवासी मुकेश ने बताया कि उनका एक्सरे हो चुका है, लेकिन मशीन बंद होने के कारण रिपोर्ट नहीं मिल सकी। उन्हें इंतजार करने के लिए कहा गया है।
मरम्मत कार्य से जुड़ा हो सकता है मामला
अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजिंदर सैनी ने बताया कि अस्पताल के डी-ब्लॉक में इन दिनों मरम्मत का कार्य चल रहा है। संभावना है कि इसी दौरान बिजली व्यवस्था प्रभावित होने से एक्सरे मशीनों में तकनीकी समस्या आई हो। उन्होंने कहा कि फॉल्ट का पता लगाकर उसे जल्द ठीक कराया जाएगा।