पंचकूला। आजादी के 75वें अमृत महोत्सव और स्वच्छ भारत अभियान के तहत सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट को लेकर सेक्टर-1 स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में मंगलवार को एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। विस अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यशाला में फीडबैक फाउंडेशन के सीईओ अजय सिन्हा ने विस्तार और वीडियो क्लिप के माध्यम से सॉलिड वेस्ट और प्लॉस्टिक का कैसे निष्पादन किया जाए और कैसे हमारा जिला इंदौर और भोपाल जैसा बन सकता है। रैंक में किस प्रकार हम नंबर-1 बन सकते है। इसको लेकर टिप्स दिए। इसके लिए घर से ही अलख जगानी होगी।
ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि जिस प्रकार से सिन्हा ने पार्षदों, सफाई कर्मचारियों और जिले के आरडब्ल्यूए में अपने सॉलिड वेस्ट प्रदर्शन से प्राण फूंके हैं, वह तारीफ के काबिल है। इसे धरातल पर उतारने की जरूरत है। हम सबको एक नई पहल कर अपने घर से ही इसकी शुरूआत करनी होगी। उन्होंने निगम के आयुक्त धर्मवीर सिंह को निर्देश दिए कि जिले के सभी पार्षदों और अधिकारियों को इंदौर और भोपाल का दौरा करवाकर वहां की सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट की कार्यप्रणाली दिखाएं, ताकि उस तरह की कार्यप्रणाली को पंचकूला में अपनाकर रैंक को भी नंबर-1 पर लाया जा सके।
नगर निगम के मेयर कुलभूषण गोयल कार्यशाला में सम्मानित अतिथि के रूप में मौजूद रहे। हरियाणा विस अध्यक्ष ने कहा कि पंचकूला को स्वच्छ, हराभरा, प्रदूषण मुक्त बनाना हमारा लक्ष्य है। इसके लिए सभी को निगम के साथ मिलकर प्रचार के माध्यम से लोगों को समझाने की जरूरत है कि गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करके कैसे आय प्राप्त कर सकते हैं। पार्षदों को घर-घर कचरे से आमदनी बढ़ाने का प्रचार करने की जरूरत है।
जिले के सभी पार्षदों, मेयर और निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों से अपील की है कि हर सेक्टर में घर-घर जाकर लोगों को गीला और सूखा कचरा, प्लास्टिक के उचित निष्पादन के बारे में समझाकर उससे कैसे आमदनी में वृद्धि की जा सकती है, इसके बारे में विस्तार से बताएं। निगम आयुक्त ने इस मौके पर हरियाणा विभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता और मेयर कुलभूषण गोयल को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। विस अध्यक्ष ने फीडबैक के सीईओ अजय सिन्हा और पूर्व मुख्य सचिव धर्मवीर सिंह को सम्मानित किया। इस मौके पर हरियाणा सरकार के पूर्व मुख्य सचिव धर्मवीर सिंह, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त संयम गर्ग, दीपक सूरा, एसडीओ राजकुमार शर्मा उपस्थित रहे।