बिना भेदभाव काम करें चुने हुए प्रतिनिधि
मुख्यमंत्री ने पंचायती राज संस्थाओं के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई दी। साथ ही कहा कि पांच वर्ष तक बिना भेदभाव के अपने-अपने क्षेत्र में विकास कार्य करें। पूरे क्षेत्र को अपना परिवार मानें। सेवा के भाव से दायित्व निभाते हुए क्षेत्र का विकास करें।
60 प्रतिशत जनप्रतिनिधि सर्वसम्मति से चुने
पंच, सरपंच, ब्लॉक समिति व जिला परिषद सदस्यों की कुल 71,696 सीटों के लिए चुनाव हुआ था। 40 हजार 500 जनप्रतिनिधि सर्वसम्मति से चुने गए, जो करीब 60 प्रतिशत हैं। 29474 सीटों के लिए 85127 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा। सर्वसम्मति से चुनी पंचायतों को 11 लाख, सरपंच को 5 लाख, पंच चुने जाने पर 50 हजार रुपये और ब्लॉक समिति सदस्य व जिला परिषद सदस्य सर्वसम्मति से चुने जाने पर 2-2 लाख रुपये सरकार दे रही है। यह राशि 300 करोड़ रुपये बनती है।
हर जिले, ब्लॉक व पंचायत में हुआ कार्यक्रम
विकास एवं पंचायत विभाग ने प्रदेश के हर जिले, ब्लॉक व पंचायत में शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित करवाया। ग्राम सचिव, ग्राम संरक्षकों, एसडीएम, डीसी इत्यादि ने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को शपथ दिलाई। 22 जिलों, 143 ब्लॉक समितियों, 6200 पंचायतों में शपथ ग्रहण समारोह हुए। मतदाता पहले पंच, सरपंच, ब्लॉक समिति सदस्यों व जिला परिषद सदस्यों के लिए चार वोट एक साथ डालते थे, इस बार पंच, सरपंच के एक दिन और ब्लॉक समिति-जिला परिषद सदस्य के लिए एक दिन वोट डाले गए। अब हमें हर गांव में एकता बनाकर रखनी है।
ग्रामीण विकास के लिए वचनबद्ध
मनोहर लाल ने कहा कि ग्रामीण विकास के लिए पूरी तरह से वचनबद्ध हैं। हरियाणा सरकार ने 2015 में पंचायती राज अधिनियम में संसोधन करके पढ़ी-लिखी पंचायत बनाने का फैसला किया था। इसके लिए उन्होंने सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लड़ी। सुप्रीम कोर्ट ने इसे वैध ठहराया और अन्य राज्यों को भी इस पथ पर चलने की सलाह दी। हरियाणा सरकार ने महिलाओं को पंचायतों में 50 प्रतिशत आरक्षण दिया। इसके बाद पिछड़ा वर्ग-ए को भी आरक्षण मिला। स्टांप ड्यूटी का 2 प्रतिशत व बिजली बिल में लगने वाले 2 प्रतिशत सेस का हिस्सा पंचायतों को दे रहे हैं।
अच्छी तरह जिम्मेदारी निभाएंगे जनप्रतिनिधि: बबली
विकास व पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने नवनिर्वाचित पंच, सरपंच, ब्लॉक समिति और जिला परिषद के सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि गांव की जनता ने आप सभी प्रतिनिधियों पर भरोसा एवं विश्वास जताया है। सभी इस जिम्मेदारी को पूरी तरह से निभाएं। सभी प्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्र में छोटी सरकार के रूप में अच्छा काम करें।