चंडीगढ़। पटियाला के मुहब्बतपुर गांव के कश्मीर सिंह शनिवार को गेहूं खरीद पर एमएसपी भुगतान पाने वाले राज्य के पहले किसान बन गए। यह जानकारी खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री लाल चंद कटारुचक ने दी। उन्होंने बताया कि कश्मीर सिंह 31 मार्च को 51 क्विंटल गेहूं राजपुरा मंडी में लाए थे और खरीद के पहले ही दिन एक अप्रैल को, सफाई के बाद उनकी फसल खरीदी की गई थी।
उन्होंने बताया कि शनिवार को खरीद के 24 घंटे के भीतर, विभाग ने 102765 रुपये का भुगतान किसानों के बैंक खातों में स्थानांतरित कर दिया है। मंत्री ने कहा कि राजपुरा मंडी में खरीदे गए गेहूं का उठान भी शुरू हो गया है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि यह पहली बार है कि सभी श्रम और परिवहन अनुबंध सीजन की शुरुआत से पहले ही पूरे कर लिए गए हैं। इसने सुनिश्चित किया है कि राज्य की सभी मंडियां पर्याप्त श्रम और ट्रकों के साथ तैयार हैं।
मंडियों में गेहूं की आवक की धीमी गति के बारे में मंत्री ने कहा कि फसल अभी पक नहीं पाई है और 6 अप्रैल के बाद मालवा क्षेत्र की मंडियों में पर्याप्त मात्रा में पहुंचने की उम्मीद है, जबकि माझा में आवक 12 अप्रैल के बाद देखने को मिलेगी। कटारुचक ने कहा कि मंडियों में गेहूं की खरीद के लिए सभी प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अच्छी फसल की उम्मीद से किसान उत्साहित हैं और पंजाब सरकार आने वाला अनाज खरीदने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।