जीरकपुर । चंडीगढ़-पटियाला हाईवे पर स्थित गांव रामपुरा में वेयरहाउस की छत गिरने के मामले की जांच रिपोर्ट मोहाली एसडीएम हरबंस सिंह ने डीसी अमित तलवाड़ को सौंप दी है। एसडीएम ने रिपोर्ट में गमाडा के अधिकारियों, जमीन मालिक और ठेकेदार समेत कई लोगों को दोषी करार ठहराया है। एसडीएम ने रिपोर्ट में लिखा है कि पटियाला शहरी से आप के विधायक अजीतपाल सिंह कोहली के भाई जमीन मालिक गुरजीत सिंह कोहली ने बिल्डिंग प्लान पास नहीं करवाया। इतना ही नहीं खेती की जमीन का सीएलय ू(चेंज लैंड ऑफ यूज) नहीं करवाया।
एसडीएम ने रिपोर्ट में लिखा है कि वेयरहाउस की बिल्डिंग बनाने का ठेका ठेकेदार प्रेम सिंह को दिया गया था। लेकिन शेड डालने के लिए विभाग से मंजूरी लेना मालिक का काम था। ठेकेदार के पास बिल्डिंग बनाने का कोई लाइसेंस भी नहीं है और न ही उसके द्वारा बिल्डिंग निर्माण के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन किया गया। 30 मार्च को गमाडा के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया था। इस दौरान मजदूरों और ठेकेदार को काम बंद करने का आदेश दिया था। इसके बाद भी निर्माण कार्य जारी रहा लेकिन अधिकारियों ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। घटना के बाद गमाडा ने एक अप्रैल को नोटिस जारी किया। रिपोर्ट में यह भी लिखा गया है कि यदि गमाडा के अधिकारी समय रहते कार्रवाई करते दो महिलाओं की जान बच जाती। बता दें कि वेयरहाउस की छत गिरने से दो महिलाओं की मौत हो गई थी, जबकि पांच लोग जख्मी हो गए थे।
कोट्स
एसडीएम की जांच रिपोर्ट मेरे पास आ गई है। जिसे पढ़ने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। जो भी इस मामले में दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे।
अमित तलवाड़, डीसी, मोहाली