पंचकूला। युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में दो आरोपियों को सेक्टर-5 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान रोशन और गोलू सेक्टर-4 हरिपुर निवासी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सेक्टर-6 निवासी रितुल सिंह ने 3 फरवरी को सेक्टर-5 थाने में दी शिकायत में बताया कि वह टीकाकरण के लिए सेक्टर-4 डिस्पेंसरी में जा रहा था। उसी दौरान रास्ते में तीन से चार लड़कों ने उसका रास्ता रोक दिया। पहले तो वह झगड़ने लगे, इसके बाद अचानक एक लड़के ने उसे चेहरे पर मुक्का मारा और दूसरे ने उसके पीठ में चाकू मारा। मदद के लिए शोर करने पर आरोपी लड़के मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने पीड़ित को उपचार के लिए सेक्टर-6 स्थित सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया।