सेक्टर-16 की एजेंसी पर सप्लाई कम, उपभोक्ताओं ने ब्लैक में बेचने और होम डिलीवरी न करने के लगाए आरोप
चरन सिंह टिब्बी
पंचकूला। शहर में रसोई गैस की किल्लत अब गंभीर रूप लेती जा रही है। सेक्टर-16 स्थित आशीर्वाद गैस एजेंसी के बाहर शनिवार को हालात बेकाबू नजर आए। सुबह से ही सैकड़ों उपभोक्ता सिलिंडर लेने के लिए लंबी कतार में खड़े रहे। तेज धूप और उमस के बीच महिलाएं, बुजुर्ग और युवक घंटों बारी का इंतजार करते रहे लेकिन सीमित सप्लाई के कारण कई लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ा।
स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब कतार में खड़ी एक महिला अचानक गिरकर बेहोश हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे संभाला और पानी पिलाकर होश में लाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला सुबह से बिना कुछ खाए-पीए कतार में लगी थी।
गुस्साए उपभोक्ताओं ने एजेंसी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि होम डिलीवरी पूरी तरह बंद कर दी गई है। ऐसे में मजबूरन लोगों को कतार में लगाया जा रहा है। कई लोगों ने बताया कि सामान्य दर पर सिलिंडर उपलब्ध नहीं कराए जा रहे। लोगों ने बताया कि जिले में 12 एजेंसियां हैं और सभी जगह यही हाल है। लोगों का कहना है कि गैस की कमी के कारण घरों में चूल्हा तक नहीं जल पा रहा और बच्चों को भूखे सोना पड़ रहा है। संवाद
आशीर्वाद गैस एजेंसी में गैस सिलिंडर के लिए कतार में लगे बंता, गुरुदेव, जितेंद्र, राहुल, सोनिया, प्रिया, आशा, सुमेर, कालिया, बलदेव, रविशंकर प्रसाद, हरिराम, मोहन, राजू, बॉबी व हरजीत सिंह सहित अन्य लोगों ने बताया कि उनके बुक किए गए सिलिंडर न जाने कहां डिलीवर किए जा रहे हैं। जबकि ब्लैक में 1500 से 1800 रुपये में सिलिंडर सरेआम बेचे जा रहे हैं। ये ब्लैक में बिकने वाले सिलिंडर कहां से आ रहे हैं। प्रशासन इस मामले में जांच कर सख्त कार्रवाई करे। इस बारे में जब आशीर्वाद गैस एजेंसी के संचालक संदीप खुल्लर से बात की तो उन्होनंे बताया कि गैस की सप्लाई बेहद कम आ रही है। स्थिति सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं। ब्लैक में बेचने के आरोप गलत हैं।
पांच किलो के सिलिंडर मिलने शुरू
प्रशासन की ओर से रविवार को 5 किलो के छोटे सिलिंडर जिले की सभी एजेंसियों को भेजे गए हैं। इसके लिए उपभोक्ताओं को 1150 रुपये सिक्योरिटी जमा करवानी होगी और रिफिल 632 रुपये अलग से देने होंगे। यह सिलिंडर सोमवार से उपभोक्ताओं को मिलने शुरू हो जाएंगे।
कोट
गैस की किल्लत में किसी भी एजेंसी को ब्लैक में बेचने की अनुमति नहीं है। इसकी जांच करवाई जा रही है। कल दोबारा चेकिंग होगी ताकि उपभोक्ताओं को कोई परेशानी न हो। पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध है लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।
- सतपाल शर्मा, डीसी पंचकूला