चंडीगढ़। पंजाब में विद्यार्थियों का मेधावी स्कूलों में प्रवेश का इंतजार अब खत्म हो गया है। पंजाब सरकार ने मेरिटोरियस स्कूलों में दाखिले के लिए होने वाली परीक्षा की 3 अक्तूबर की तिथि तय कर दी है। 9वीं और 12वीं के लिए होने वाली प्रवेश परीक्षा दोपहर 2.30 बजे शुरू की जाएगी। शिक्षा विभाग के प्रवक्ता के अनुसार विद्यार्थियों के रोल नंबर और इम्तिहान सेंटरों की सूची जल्द ही वेबसाइट पर अपलोड कर दी जाएगी।
प्रवक्ता ने बताया कि पंजाब सरकार ने राज्य भर में गरीब और होशियार विद्यार्थियों को मुफ्त शिक्षा देने के लिए तलवाड़ा, अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, पटियाला, संगरूर, बठिंडा, फिरोजपुर, मोहाली और गुरदासपुर में 10 मेरिटोरियस स्कूल चलाए जा रहे हैं। इनमें से तलवाड़ा मेरिटोरियस स्कूल में 9वीं से 12वीं और बाकी मेरिटोरियस स्कूलों में 11वीं और 12वीं में दाखिले के लिए इम्तिहान लिया जाना है।
इन स्कूलों में साइंस लैब, रिहायशी स्टाफ आवास, लड़कियां और लड़कों के अलग हॉस्टल और बड़े खेल मैदानों की सुविधाएं हैं। इन स्कूलों का उद्देश्य विद्यार्थियों के समग्र विकास को सुनिश्चित बनाना और भविष्य के लिए उनको तैयार करना है। प्रवक्ता के अनुसार इन स्कूलों में विद्यार्थियों को मुफ्त किताबें, वर्दी और रहन-सहन की सुविधाएं मुहैया करवाई जाती हैं। प्रतियोगिता परीक्षाओं के लिए फीस भी सोसायटी द्वारा अदा की जाती है। नियमित पढ़ाई के अलावा इन स्कूलों में जेईई, एनईईटी, जीएलएटीआर आदि प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए विद्यार्थियों को तैयारी भी करवाई जाती है। अब इन स्कूलों में एनडीए में शामिल होने के इच्छुक विद्यार्थियों को प्रशिक्षण भी दिया जाता है।