चंडीगढ़। अगर आपके वोटर कार्ड में कोई गड़बड़ी है और चुनाव के दौरान आप सही नहीं करा पाए हैं, तो अब इलेक्शन कमीशन की ओर से मौका दिया जा रहा है। एक से 31 अगस्त के बीच फोटो वोटर कार्ड में कोई भी गलती को सही कराने के लिए बीएलओ या फिर वोटर हेल्पलाइन मोबाइल एप पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के बाद नया वोटर कार्ड आपको तीन महीने के अंदर मिल जाएगा। इसके लिए चीफ इलेक्शन ऑफिसर अजोय कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के नेताओं के साथ फोटो वोटर कार्डों में सुधार को लेकर बैठक हुई।
मीटिंग में तय हुआ कि एक से 31 अगस्त तक इसमें सुधार होगा। वोटर कार्ड में जो भी त्रुटियां हैं, उन्हें दूर किया जाएगा। मतदाता वेरिफिकेशन के लिए अपने पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड, राशन कार्ड इत्यादि डाक्यूमेंट देकर वेरिफिकेशन करा सकते हैं। वोटर हेल्पलाइन मोबाइल एप पर भी लोग अपनी इलेक्टोरल रोल डिटेल वेरिफाई कर सकते हैं। एनवीएसपी पोर्टल पर भी वेरिफिकेशन हो सकती है। बीएलओ की ओर से दिए गए फार्म को भरकर भी इसमें गलती ठीक कराई जा सकती है। इस संदर्भ में चीफ इलेक्शन ऑफिसर ने कहा कि बीएलओ को वोटर कार्ड में सुधार का काम करना होगा। उन्होंने राजनीतिक पार्टियों के नेताओं से बूथ लेवल एजेंट तैनात करने को कहा जो रिवीजन के दौरान बीएलओ के साथ रहेंगे। इस दौरान डीसी मनदीप सिंह बराड़, एसडीएम सौरभ मिश्रा, एसडीएम नाजुक कुमार, सुधांशु गौतम, जगजीत सिंह इत्यादि मौजूद रहे।
बीएलओ वोटर कार्ड का एक सितंबर से 20 सितंबर तक घर घर जाकर वेरिफिकेशन करेंगे। इस दौरान जिन वोटरों का देहांत हो चुका है या फिर नए वोटर हैं, उनकी डिटेल भी जुटाई जाएगी। 15 अक्तूबर को यह वोटर सूची आम लोगों के लिए प्रकाशित की जाएगी। 15 अक्तूबर से 30 नवंबर तक आब्जेक्शंस लिए जाएंगे। एक जनवरी से 15 जनवरी 2020 तक फाइनल सूची पब्लिश होगी।