चंडीगढ़। 1989 बैच के आईएएस अधिकारी विजय कुमार जंजुआ ने बुधवार को पंजाब के मुख्य सचिव का पद संभाल लिया। जंजुआ ने अनिरुद्ध तिवारी की जगह पंजाब के नए मुख्य सचिव का पद संभाला। तिवारी को अब महात्मा गांधी राज्य लोक प्रशासन संस्था का महानिदेशक नियुक्त किया गया है।
राज्य सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार जंजुआ मुख्य सचिव के मौजूदा पद के साथ प्रमुख सचिव परसोनल और विजिलेंस का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे। वीके जंजुआ अब तक पंजाब के विभिन्न विभागों में काम कर चुके हैं, जिनमें ग्रामीण विकास, उद्योग, श्रम, पशुपालन आदि शामिल हैं। उन्होंने भारत सरकार में होते हुए औद्योगिक नीति और प्रोत्साहन विभाग में निदेशक (उद्योग) के तौर पर तीन साल के लिए सेवा निभाई। फतेहगढ़ साहिब जिले के डिप्टी कमिश्नर के तौर पर अपने कार्यकाल के दौरान जंजुआ ने एनआईसी की मदद से एक सॉफ्टवेयर पीआरआईएसएम (प्रिजम) तैयार किया और पंजाब में पहली बार संपत्तियों की कंप्यूटराइज्ड रजिस्ट्रेशन शुरू की।
नए मुख्य सचिव के तौर पर विजय कुमार जंजुआ द्वारा पद संभालने के मौके पद छोड़ रहे मुख्य सचिव अनिरुद्ध तिवारी भी उपस्थित थे। इस मौके पर मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव ए. वेणुप्रसाद के अलावा वरिष्ठ सिविल अधिकारी तेजवीर सिंह, हुसन लाल, अजोए शर्मा, रजत अग्रवाल, अभिनव त्रिखा, सोनाली गिरि, सुमीत जारंगल, कुमार अमित, अमृत कौर गिल, अपनीत रिआत, गिरीश दिआलन और अमित तलवार भी उपस्थित थे।