पास सुविधा बहाल करने की मांग, नायब तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन आश्वासन पर खुला रास्ता
संवाद न्यूज एजेंसी
पिंजौर। बरोटीवाला-हिमाचल एंट्री बैरियर पर सोमवार सुबह ग्रामीणों ने एंट्री शुल्क बढ़ोतरी और पास सुविधा बंद होने के विरोध में सड़क जाम कर दी। करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान वाहनों की एक किलोमीटर लंबी कतार लग गई।
दून क्षेत्र के हिमाचल से सटे गांवों के ग्रामीण, सरपंच, जिला परिषद सदस्य और पूर्व जनप्रतिनिधि सुबह करीब साढ़े आठ बजे बैरियर पर जुटे और ‘हिमाचल सरकार होश में आओ’ के नारे लगाए। उन्होंने स्थानीय लोगों के लिए शुल्क में रियायत और सालाना पास की सुविधा बहाल करने की मांग की।
सूचना मिलते ही पिंजौर थाना प्रभारी बच्चू सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उनके प्रयास पर बरोटीवाला थाना प्रभारी डीआर ठाकुर और नायब तहसीलदार जगदीश शर्मा को मौके पर बुलाया गया। अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद ग्रामीणों ने करीब साढ़े नौ बजे जाम खोल दिया।
प्रदर्शनकारियों की ओर से पूर्व जिला परिषद चेयरमैन राजेश कोना और जिला परिषद सदस्य मंदीप सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रशासन से बातचीत कर समस्या का समाधान किया जाए। ग्रामीणों ने नायब तहसीलदार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों का कहना है कि पहले बरोटीवाला और बद्दी बैरियर पर स्थानीय लोगों के लिए पास की सुविधा थी, जिसे अब बंद कर दिया गया है और शुल्क भी बढ़ा दिया गया है। उन्होंने मांग की कि टोल प्लाजा की तर्ज पर बैरियर से पांच किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोगों को शुल्क में छूट दी जाए। नायब तहसीलदार ने ज्ञापन को सरकार तक पहुंचाने और समाधान का आश्वासन दिया।