पंचकूला। मुफ्तखोरी की जीत कहकर दिल्ली की जनता का हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज अपमान कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी के अंबाला लोकसभा एवं जिला पंचकूला अध्यक्ष योगेश्वर शर्मा ने कहा कि भाजपा के कई बड़े नेता दिल्ली विधानसभा चुनाव में अपनी अप्रत्याशित हार के बाद सदमे में आ गए हैं। यही कारण है कि वह अनाप शनाप बयानबाजी कर रहे हैं। भाजपा नेताओं की इसी तरह की भड़काऊ बयानबाजी से आठ सीटों तक समेट कर रख दिया है। आप की काम करने की नीयत और नीति को लोगों ने सिर आंखों पर उठाया और 70 में से 62 सीटों दी हैं।
योगेेश्वर शर्मा ने कहा कि गृहमंत्री को कम से कम अपने पद की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए। विज दिल्ली की जिस जनता का अपमान कर रहे हैं इसी जनता ने कुछ माह पूर्व लोकसभा चुनाव में भाजपा को प्रचंड मत देकर सात सीटों पर जीत दी थी। उन्होंने कहा कि अगर अनिल विज और भाजपा नेतृत्व को ऐसी गलतफहमी है तो वह अपने सभी सातों सांसदों के त्यागपत्र दिलवाकर उन्हें दोबारा से चुनाव लड़वा लें। दिल्ली की जनता उनकी यह गलतफहमी भी दूर कर देगी।