चंडीगढ़। सेक्टर-16/23 डिवाइडिंग रोड पर इनोवा सवार पठानकोट के जूडिशियल मजिस्ट्रेट साहिल सिंगला (30) की गाड़ी साइन मैप पोल से टकरा गई। हादसे में साहिल सिंगला की मौत हो गई, जबकि उनके साथी सीनियर वकील पाहुल प्रीत सिंह (32) गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसा उस उक्त हुआ, जब वह दोनों अपनी पत्नियों के साथ नाइट फूड स्ट्रीट में खाने पर जा रहे थे। हादसे की वजह सामने से आ रही गाड़ी की लाइटों की रोशनी बताई जा रही है। रोशनी ज्यादा होने के कारण इनोवा अनियंत्रित होकर पोल में जा घुसी।
पुलिस ने उन्हें जीएमएसएच-16 में पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने साहिल सिंगला को पीजीआई रेफर कर दिया। इसके थोड़ी देर बाद साहिल सिंगला की मौत हो गई, जबकि अमृतसर के बल एनक्लेव निवासी पाहुल प्रीत का मोहाली के फोर्टिस हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। सेक्टर 17 थाना पुलिस ने 174 सीआरपीसी के तहत मामले की छानबीन में जुट गई है।
हादसा वीरवार-शुक्रवार की रात 2.30 बजे का है। साहिल सिंगला उनकी पत्नी राधिका, पाहुल प्रीत सिंह और उनकी पत्नी प्रभजोत कौर चंडीगढ़ में मैरिज फंक्शन में आए हुए थे। वह सभी सेक्टर-43 में ठहरे हुए थे। शुक्रवार देर रात साहिल सिंगला और पाहुल प्रीत सिंह इनोवा में, जबकि राधिका और प्रभजोत कौर दूसरी कार में पंजाब यूनिवर्सिटी के पास नाइट फूड स्ट्रीट में खाना खाने के लिए जा रहे थे।
सेक्टर 16/23 डिवाइडिंग रोड पर पहुंचते ही अचानक इनोवा डिवाइडर पर चढ़कर साइन पोल से टकरा गई। इससे गाड़ी चला रहे साहिल सिंगला और साथ वाली सीट पर बैठे पाहुल प्रीत गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इस दौरान दूसरे कार में सवार परिजनों ने क्षतिग्रस्त इनोवा से किसी तरह बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया। हादसा इतना जबरदस्त था कि गाड़ी के एयरबैग तक खुल गए। सेक्टर-17 थाना पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
सीएफएसएल की टीम ने की लंबी जांच
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर सेंट्रल डीएसपी कृष्ण कुमार, थाना प्रभारी जसपाल सिंह और सीएफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान सीएफएसएल की टीम काफी देर तक हादसे का कारण जानने में जुटी हुई थी। हादसा किन कारणों से हुआ। वहीं, पाहुल प्रीत ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनकी गाड़ी के सामने अचानक एक कार की लाइट की चमक ज्यादा आने की वजह से उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। जिससे यह हादसा हो गया।
शव परिजनों को सौंपा
हादसे के बाद शुक्रवार को पीजीआई में जज, एडवोकेट, रिश्तेदार समेत सैकड़ों लोग पहुंचे हुए थे। साहिल सिंगला का पीजीआई में पोस्टमार्टम हुआ। पुलिस ने पूरी कार्रवाई के बाद साहिल सिंगला के शव को परिजनों को सौंप दिया। बताया गया कि सिर में ज्यादा चोट लगने की वजह से उनकी मौत हुई है।