चंडीगढ़। भ्रष्टाचार के मामले में पंजाब कांग्रेस के एक और नेता का विजिलेंस ब्यूरो द्वारा इंतजार किया जा रहा है। करोड़ों रुपये के पंचायती फंड के घोटाले में बुधवार को विजिलेंस ब्यूरो द्वारा पटियाला जिले के गांव आकड़ी के सरपंच की गिरफ्तारी के बाद अब ब्यूरो को पूर्व कांग्रेस विधायक मदनलाल जलालपुर का इंतजार है, जो इन दिनों ऑस्ट्रेलिया में हैं। हालांकि जलालपुर ने फोन पर स्पष्ट कर दिया है कि वे ऑस्ट्रेलिया से लौटकर विजिलेंस ब्यूरो की जांच में शामिल होंगे और यह मामला हल करने में पूरा सहयोग देंगे।
उल्लेखनीय है कि विजिलेंस ब्यूरो ने बुधवार को गांव आकड़ी की सरपंच हरजीत कौर को पंचायती फंडों में 12.24 करोड़ रुपये की धांधली के आरोप में गिरफ्तार किया था। विजिलेंस ब्यूरो को संदेह है कि इस धांधली में पैसों का सारा लेनदेन पूर्व विधायक जलालपुर के जरिये ही हुआ है। दूसरी ओर, पंजाब के ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल का आरोप है कि गिरफ्तार की गई सरपंच पूर्व विधायक जलालपुर की करीबी हैं और इस बड़े घपले में पहले भी कई अफसरों को गिरफ्तार किया जा चुका है।