संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। कस्बा हलका जंडियाला गुरु में एक करियाना दुकान के बाहर तीन अज्ञात युवकों ने गोलियां चलाईं और तुरंत माैके से फरार हो गए। वहीं, गोली लगने से एक मजदूर जख्मी हो गया, जिसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक पिछले कई दिनों से जंडियाला गुरु के करियाना व्यापारी कश्मीर सिंह को फोन के जरिये धमकियां मिल रही थी और रंगदारी मांगी जा रही थी। इस संबंध में पहले से पुलिस में शिकायत भी दर्ज करवाई गई थी और दो आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया था। इसके बावजूद धमकियों का सिलसिला जारी था। इसी के तहत वीरवार को जब कश्मीर सिंह अपनी दुकान पर ड्रिंक और डिटर्जेंट उत्पाद उतरवा रहे थे कि इसी दौरान तीन अज्ञात युवक आए और फायरिंग शुरू कर दी। गोली कश्मीर सिंह को न लगकर सामान उतार रहे कर्मचारी की टांग में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जांच अधिकारी हरचरण सिंह ने बताया कि जल्द ही आरोपियों को ट्रेस कर गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस ने पहले भी इसी क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटनाओं में आरोपियों को गिरफ्तार किया है।