बस की अचानक खराबी और अनियमित संचालन से ग्रामीण परेशान, निजी वाहनों का सहारा मजबूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
मोरनी। मोरनी से टिक्कर ताल के लिए चलने वाली सरकारी बस सेवा की अनियमितता स्थानीय लोगों के लिए लगातार परेशानी का कारण बनती जा रही है। सप्ताह में कई बार ऐसा देखा गया है कि बस खराब हो जाने के कारण अपना चक्कर मिस कर देती है और मोरनी से टिक्कर ताल तक नहीं पहुंचती। इस स्थिति में ग्रामीणों को मानसिक तनाव के साथ-साथ आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ता है, क्योंकि उन्हें मजबूरी में महंगे निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ता है।
शनिवार को भी दोपहर के समय ऐसा ही मामला सामने आया, जब मोरनी से टिक्कर ताल जाने वाली बस तकनीकी खराबी के कारण अपना चक्कर नहीं लगा पाई।
ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
स्थानीय निवासी मोहनलाल (बाबडवाली), संतराम, गरीबदास और लेखराज ने बताया कि बीते सोमवार को भी दिन के समय बस का चक्कर मिस हुआ था, जिससे छात्र-छात्राओं और स्कूली बच्चों को विशेष परेशानी उठानी पड़ी। ग्रामीणों का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण पहले ही यातायात के साधन सीमित हैं, ऐसे में बस सेवा का बार-बार बाधित होना आम जनजीवन को प्रभावित कर रहा है।
चालक ने बताया कारण
मोरनी–टिक्कर रूट पर चलने वाले चालक ओम प्रकाश ने बताया कि बस में अचानक तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसके कारण यह दिन के समय टिक्कर ताल नहीं जा सकी। बस को देर शाम तक दुरुस्त करवा लिया गया। ग्रामीणों ने परिवहन विभाग से मांग की है कि मोरनी–टिक्कर ताल बस सेवा को नियमित और दुरूस्त किया जाए, ताकि उन्हें रोजमर्रा की आवाजाही में परेशानी न उठानी पड़े।