स्वर्गीय आरपी सिंह क्रिकेट कोच मेमोरियल टूर्नामेंट का चौथा संस्करण, लीग सह नॉकआउट आधार पर होंगे मुकाबले
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। चौथा स्वर्गीय आरपी सिंह क्रिकेट कोच मेमोरियल लड़कों का अंडर-23 क्रिकेट टूर्नामेंट 20 जनवरी से चंडीगढ़ ट्राईसिटी के मैदानों में पांच टीमों के बीच शुरू होगा। इस टूर्नामेंट में वाईईसीसी अकादमी पंचकूला, प्रोफेशनल क्रिकेट क्लब चंडीगढ़, जेआर क्रिकेट एकेडमी बरवाला (पंचकूला), मेन्स कम्युनिटी अकादमी चंडीगढ़ और एमएम क्रिकेट एकेडमी अंबाला की टीमें हिस्सा लेंगी।
यह जानकारी हरियाणा स्पोर्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन के महासचिव अमरजीत कुमार और आयोजन सचिव इंद्रजीत सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि चौथा स्वर्गीय आरपी सिंह क्रिकेट कोच मेमोरियल लड़कों का अंडर-23 (जन्मतिथि 01-01-2003) क्रिकेट टूर्नामेंट 20 जनवरी से ट्राईसिटी चंडीगढ़ के इंद्रजीत क्रिकेट ग्राउंड और क्रिक जिला क्रिकेट ग्राउंड, डेराबस्सी में आयोजित किया जाएगा।
लीग सह नॉकआउट आधार पर होंगे मुकाबले
आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट का चौथा संस्करण लीग सह नॉकआउट आधार पर खेला जाएगा। प्रत्येक टीम सुपर सब पैटर्न के तहत (12 खिलाड़ियों की अनुमति) न्यूनतम चार मैच खेलेगी। सभी लीग मुकाबले लाल गेंद से 45 ओवर के होंगे जबकि फाइनल मुकाबला एसजी गेंद से 50 ओवर का खेला जाएगा।
खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाएं और सम्मान
आयोजकों के अनुसार पिछले पैटर्न की तरह इस बार भी लीग मैचों के लिए अच्छी गुणवत्ता वाली लाल मैच गेंद, रिफ्रेशमेंट बॉक्स और मिनरल वाटर उपलब्ध कराया जाएगा। प्रत्येक मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को ट्रॉफी और उपहार देकर सम्मानित किया जाएगा। वहीं पूरे टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को भी ट्रॉफी और आकर्षक खेल उपकरण प्रदान किए जाएंगे।
ऑनलाइन स्कोरिंग और बीसीसीआई पैनल अंपायर करेंगे मैच कवर
टूर्नामेंट की ऑनलाइन स्कोरिंग क्रिक हीरो एप पर की जाएगी। सभी मुकाबले बीसीसीआई और राज्य पैनल के अंपायरों की निगरानी में संपन्न होंगे। हरियाणा स्पोर्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन (रजिस्टर्ड) के सेक्रेटरी जनरल अमरजीत कुमार और आयोजन सचिव इंद्रजीत सिंह ने बताया कि एसोसिएशन का निरंतर लड़कों के टूर्नामेंट आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य जूनियर क्रिकेटरों को तैयार करना, उनकी स्किल को निखारना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अपना टैलेंट दिखाने के लिए उपयुक्त मंच उपलब्ध कराना है।