पंचकूला सिविल अस्पताल में केवल मंगलवार के दिन देखे जाते हैं मरीज
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकलूा। शहर के सेक्टर-6 सिविल अस्पताल में स्पोर्ट्स इंजरी क्लीनिक में अब तक दो सफल सर्जरी की गई है। यह क्लीनिक इस साल मार्च से पंचकूला सिविल अस्पताल में केवल मंगलवार को चलाया जा रहा है। पंचकूला सिविल अस्पताल सेक्टर-6 के पीएमओ आरएस चौहान ने बताया कि क्लीनिक शहर के सिविल अस्पताल में पीजीआई चंडीगढ़ के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. हिमांशु भायना मरीजों को देखते हैंं। उन्होंने बताया कि अब तक इस क्लीनिक में 200 मरीजों को देखा जा चुका है और दो सफल सर्जरी की गई हैं।
पहली सर्जरी 22 अप्रैल 2025 को हुई
पीजीआई चंडीगढ़ के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. हिमांशु भायना ने बताया कि पहली सर्जरी 22 अप्रैल 2025 को हुई थी। मरीज कपिल करनाल के रहने वाले हैं और पेशे से क्रिकेटर हैं। घुटने की चोट के कारण उन्होंने खेलना छोड़ दिया था। उन्हें एसीएल फटने और मेनिस्कस में समस्या थी। उनकी सर्जरी सफल रही और अब वह फिजियोथैरेपी ले रहे हैं। उम्मीद है कि जल्द ही दोबारा खेल में लौट सकेंगे।
तीन साल पहले चोट लगी थी
दूसरी सर्जरी 12 मई को रीना नाम की युवती की हुई, जिन्हें तीन साल पहले चोट लगी थी। तब से उनके बाएं घुटने में बार-बार लॉकिंग और दर्द की समस्या हो रही थी। उन्होंने सिविल अस्पताल, पंचकूला के स्पोर्ट्स इंजरी क्लिनिक में दिखाया, जो यहां हर मंगलवार को चलता है। रीना की ऑर्थोस्कोपिक सर्जरी की गई, जिसमें घुटने के अंदर मेनिस्कस को बैलेंस किया गया। अब वह काफी बेहतर महसूस कर रही हैं और उम्मीद कर रही हैं कि थोड़ी फिजियोथैरेपी के बाद फिर से अपने रोजमर्रा के काम और खेल गतिविधियों में लौट सकेंगी।