बरवाला। मौली मुख्य मार्ग से गांव बतौड़ तक जाने वाली संपर्क सड़क बदहाल अवस्था में पड़ी है। इस कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव के निवर्तमान सरपंच लक्ष्मण दास, ग्रामीण हेम सिंह राणा, मनीष कुमार, जसवीर राणा, सतपाल सिंह राणा, मेनपाल, मुकेश कुमार, गुरनाम सिंह ने बताया कि मुख्य मार्ग से लेकर उनके गांव तक पीडब्ल्यूडी की संपर्क सड़क काफी लंबे समय से जर्जर हालत में पड़ी है। यह आजकल गड्ढों में तब्दील हो गई है।
इस पर वाहन लेकर चलना तो दूर की बात पैदल चलना भी दुश्वार हो गया है। सड़क की हालत जर्जर होने पर हमेशा धूल उड़ती रहती है। वहीं थोड़ी सी बारिश में ही सड़क पर पानी भी जमा हो जाता है। इस कारण ग्रामीणों को हर मौसम में परेशानी झेलनी पड़ रही है। निवर्तमान सरपंच लक्ष्मण दास ने बताया कि ग्राम पंचायत और ग्रामीणों की तरफ से पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को भी कई बार लिखित में शिकायत दे चुके हैं, आश्वासन तो मिलता है परंतु आज तक संपर्क मार्ग का न तो नए सिरे से निर्माण किया गया है, न ही आज तक विभाग की तरफ से सड़क की मरम्मत की गई है। इसको लेकर ग्रामीणों में पीडब्ल्यूडी के प्रति रोष है।
गांव को जोड़ने वाली 500 मीटर सड़क का इस्टीमेट बनाकर भेज दिया गया है। जैसे ही इस्टीमेट पास होकर आता है तो जल्द ही यहां पर इंटरलॉकिंग का निर्माण शुरू करवा दिया जाएगा। - तरुण, जेई, पीडब्ल्यूडी
उनके गांव की यह सड़क काफी वर्षों से जर्जर पड़ी है। इसके निर्माण व मरम्मत की तरफ किसी भी सरकार के कार्यकाल में ध्यान नहीं दिया गया है। इससे लोग आज भी गंभीर समस्या से परेशान हैं। - हेम सिंह राणा, ग्रामीण
सड़क की बदहाल व्यवस्था में होने से हमेशा धूल मिट्टी उड़ती रहती है। इससे सड़क से आने-जाने वालों को परेशानी झेलनी पड़ती है। इससे वातावरण भी दूषित रहता है। - प्रेमचंद, ग्रामीण
ग्राम पंचायत और ग्रामीणों की तरफ से सड़क की मरम्मत करवाने के बारे में पीडब्ल्यूडी को लिखित शिकायत देने के बावजूद भी अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। इसको लेकर ग्रामीणों में विभाग के प्रति रोष है। - सतपाल राणा, ग्रामीण
जब देश के प्रधानमंत्री ग्राम पंचायत द्वारा करवाए विकास कार्यों की प्रशंसा कर चुके हैं तो ऐसे में जिला प्रशासन और पीडब्ल्यूडी को गांव की इस बदहाल सड़क का निर्माण जल्द करवाना चाहिए ताकि ग्रामीणों को पक्की सड़क की सुविधा मिल सके। इस गंभीर समस्या का हल हो सके। - लक्ष्मण दास, निवर्तमान सरपंच