रायपुररानी। अंबाला मंडल की आयुक्त रेणू फुलिया ने वीरवार को गिरदावरी को लेकर जिले की चार तहसीलों के कई गांवों का दौरा कर गिरदावरी की पड़ताल की। इस मौके पर उपायुक्त महावीर कौशिक भी उपस्थित रहे। फुलिया ने रायपुररानी तहसील के गांव शाहजहांपुर, अलीपुर और गनौली में गेहूं की फसल, बरवाला खंड के गांव भगवानपुर, रायपुर उर्फ सुंदरपुर, खटौली, पंचकूला के गांव दबकोरी, रत्तेवाली और जसवंतगढ़ में भी गिरदावरी की पड़ताल की।
रायपुररानी तहसीलदार वरिंदर गिल ने आयुक्त को गिरदावरी की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने आयुक्त को बताया कि रबी की फसल की गिरदावरी 1 फरवरी से 5 मार्च को पूरी की गई थी। आयुक्त ने मौके पर ही खसरे और दस्तावेजों से गेहूं की खड़ी फसल का मिलान किया और उन्होंने तहसीलदार, कानूनगो और पटवारी द्वारा की गई गिरदावरी पर संतुष्टि जताई। इस दौरान नायब तहसीलदार स्नेहा, नायब तहसीलदार हरदेव सिंह, कानूनगो मदन, एसके रणबीर देसवाल, पटवारी और अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।