एलिमिनेटर मुकाबले में काइरोस क्रिकेट क्लब को डीएलएस नियम से 5 रन से हराया, सुखी धालियो बने मैच के हीरो
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। एपीसीएल सीजन-1 के एलिमिनेटर मुकाबले में टॉप गनस चंडीगढ़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए काइरोस क्रिकेट क्लब को डीएलएस नियम के तहत 5 रन से हराकर क्वालीफायर-2 में प्रवेश कर लिया। मुकाबला सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम में खेला गया।
टॉस जीतकर काइरोस क्रिकेट क्लब ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टॉप गनस चंडीगढ़ ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 215 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। दीपक यादव ने 28 गेंदों में 45 रन बनाए, जबकि सुखी धालियो ने 34 गेंदों में 58 रन की विस्फोटक पारी खेली। कप्तान शिव शर्मा ने 29 रन का योगदान दिया। अंत में लिविंगस्टोन लेवी ने 14 गेंदों में नाबाद 31 और दिक्षित कुमार ने 12 गेंदों में नाबाद 23 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
काइरोस क्रिकेट क्लब की ओर से केएस सचदेवा, अजय भटनागर और राहुल डोगरा को एक-एक विकेट मिला।
216 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी काइरोस क्रिकेट क्लब की टीम ने अच्छी शुरुआत की। अनुराग उत्तम ने नाबाद 39 रन बनाए, जबकि विक्की ने 18 और अभिलाष के मेनन ने नाबाद 23 रन की पारी खेली। हालांकि बारिश के कारण मैच प्रभावित हुआ और डीएलएस नियम लागू किया गया। काइरोस की टीम 9.3 ओवर में 84/1 के स्कोर तक ही पहुंच सकी, जिसके चलते टॉप गनस चंडीगढ़ को 5 रन से विजेता घोषित किया गया।
टॉप गनस की ओर से लिविंगस्टोन लेवी ने 3.3 ओवर में 32 रन देकर 1 विकेट लिया। हिमांशु शर्मा और अमृत पाल सिंह ने भी किफायती गेंदबाजी कर विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा।
58 रन की शानदार पारी खेलने वाले सुखी धालियो को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दीपक यादव और लिविंगस्टोन लेवी ने भी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। इस जीत के साथ टॉप गनस चंडीगढ़ ने टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी और मजबूत कर दी है।