सूरजपुर से पिंजौर तक एनएच-5 पर बढ़ा हादसों का खतरा, गुणवत्ता पर उठे सवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीमंदिर। सूरजपुर से पिंजौर तक नेशनल हाईवे-5 पर करीब दो माह पहले लगाई गई लोहे की रेलिंग कई स्थानों से टूट चुकी है। सुखोमाजरी बाईपास और चंडीमंदिर लाइटों के पास रेलिंग की स्थिति सबसे अधिक खराब बताई जा रही है। इससे हाईवे पर दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।
स्थानीय निवासी बबली रावत समेत अन्य लोगों का आरोप है कि रेलिंग निर्माण में घटिया गुणवत्ता की सामग्री का इस्तेमाल किया गया, जिसके कारण यह कम समय में ही क्षतिग्रस्त होने लगी। लोगों का कहना है कि जहां-जहां रेलिंग टूटी हुई है, वहां से राहगीर दोबारा सड़क पार करने लगे हैं, जिससे हादसों की आशंका बनी हुई है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार रेलिंग लगाने का उद्देश्य लोगों को अनियंत्रित तरीके से सड़क पार करने से रोकना और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना था, लेकिन अब टूटी रेलिंग ही सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि क्षतिग्रस्त रेलिंग की जल्द मरम्मत करवाई जाए और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की भी जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।