कालका। सोमवार को रेल कोच फैक्ट्री कपूरथला से तीन और पैनोरमिक कोच कालका रेलवे स्टेशन पहुंचे हैं। इन कोचों को क्रेन की सहायता से उतारा गया। इनमें एक जनरेटर कार, एक एसी कोच और एक सामान्य कोच शामिल हैं।
रेलवे विभाग विश्व धरोहर में शामिल कालका-शिमला मार्ग पर सैलानियों के लिए जल्द पैनोरमिक कोचों वाली ट्रेन चलाना चाहता है। मार्च में रेल कोच फैक्ट्री कपूरथला से कुल 9 पैनोरमिक कोच कालका भेजे जा चुके हैं। तीन नए कोच आने के बाद अब कालका रेलवे स्टेशन पर पैनोरमिक कोचों की कुल संख्या 22 हो गई है। रेलवे स्टेशन से अधिकारियों ने बताया कि पहले चरण में रेल कोच फैक्ट्री कपूरथला से अभी करीब 8 और कोच बनकर आएंगे।