पंचकूला। उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने सोमवार को लघु सचिवालय के सभागार में सरकार की ओर से निर्देशित समाधान शिविर में मोरनी की सरपंच सुषमा रानी और ग्रामीणों की भूमि कटाव को रोकने के लिए डंगे लगाने की मांग पर संज्ञान लिया है। उन्होंने जिला वन अधिकारी को मौके का मुआयना कर जल्द से जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इस माैके पर उन्होंने जिलानिवासियों से समाधान शिविर में आकर अपनी समस्याओं का समाधान करवाने की अपील की।
उपायुक्त ने बताया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने जिले की जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक कार्यदिवस को जिला में प्रातः 10 से 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया हैं। उन्होंने बताया कि समाधान शिविर आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य जिला की जनता की समस्याओं का मौके पर व जल्द से जल्द समाधान करना हैं। उपायुक्त ने अधिकारियों को कहा कि हम सभी यहां जिलावासियों की समस्याओं के समाधान के लिए एकत्रित हुए है। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले की जनता को बार-बार अपने कार्यों के लिए चक्कर न काटने पडें। उन्होंने सोमवार को जिला के आठ लोगों की समस्याएं सुनी और संबंधित अधिकारियों से प्राथमिकता के आधार पर लोगों की समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।
उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने जिलावासियों से समाधान शिविर में आकर अपनी समस्याओं का जल्द से जल्द निवारण करवाने की अपील की। इस अवसर पर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, जिला विकास एवं पंचायत विभाग, राजस्व विभाग, जिला शिक्षा अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग, बाल कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, मत्सय विभाग, पुलिस विभाग, माइनिंग, पीडब्ल्यूडी बीएंड आर, सिंचाई विभाग, जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग, यूएचबीवीएन, नगर निगम कालका व पंचकूला के अधिकारी मौजूद रहे।