चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने पात्र गरीब बच्चों को निजी स्कूलों में निशुल्क शिक्षा के लिए दाखिला दिलाने को कमर कस ली है। तीन सदस्यीय समितियों का जिला स्तर पर गठन किया गया है। एडीसी समिति के चेयरमैन बनाए गए हैं।
समिति में डीईओ, डीईईओ व जिला राजस्व अधिकारी या उनका प्रतिनिधि इसमें सदस्य रहेंगे। ये समितियां बच्चों की पारिवारिक आय का सत्यापन करेंगी। पात्र बच्चों को आवंटित निजी स्कूलों में दाखिला दिलाना भी इनके जिम्मे रहेगा। जिन बच्चों की पारिवारिक आय 1.80 लाख से अधिक निकलती है या संदेह के दायरे में आती है, उनके मामले एक सप्ताह में निपटाने होंगे। सरकार ने निजी स्कूलों की मनमानी को देखते हुए ये समितियां गठित की हैं। 31 दिसंबर तक निजी स्कूलों को पात्र गरीब बच्चों को दाखिला देना है। लेकिन, वे बच्चों की पारिवारिक आय अधिक होने के आरोप या कोई न कोई आपत्ति लगाकर दाखिलों को रोक रहे हैं। इसे देखते हुए सरकार ने दाखिला सुनिश्चित करवाने के लिए जिला प्रशासन को निर्देशित किया है।