कालका। शहर के गांधी चौक में प्रवेश करते ही सड़क पर निकले लोहे के सरिये और प्रशासन की ओर से गांधी चौक से रेलवे रोड तक बनाए गए डिवाइडर पर जगह-जगह बाहर निकले लोहे के एंगल प्रशासन की लापरवाही को बयां कर रहे हैं। साथ ही किसी बड़े हादसे को न्योता दे रहे हैं। गांधी चौक और रेलवे रोड शहर के व्यस्त रहने वाले बाजारों की सड़कों में से एक है। यहां दिन रात राहगीरों और वाहन चालकों की आवाजाही रहती है। बता दें कि पिछले महीने पहले गांधी चौक मोड़ पर नगर परिषद की ओर से नाले की मरम्मत की गई थी। इस दौरान उक्त जगह को सीमेंटेड प्लस्तर करके नाले को कवर किया था। लेकिन अब पिछले कुछ दिनों से वहां पर लोहे के सरिये बाहर निकल गए हैं। इसके चलते राहगीर और वाहन चालक उसकी जद्द में आने के चलते कभी भी चोटिल हो सकेते हैं। ऐसे में इन सरीयों के बाहर निकला होने के कारण कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
डिवाइडर के ऊपर भी निकले हैं लोहे के एंगल
प्रशासन की ओर से गांधी चौक से रेलवे रोड तक बनाए गए डिवाइडर पर दो जगह से लोहे के एंगल बाहर निकले हुए हैं। इनमें से एक गांधी लाइब्रेरी के नजदीक और दूसरा कुराड़ी मोहल्ले के लिए दिए गए कट के पास से एंगल बाहर निकले हुए हैं। इन एंगल की चपेट में कोई भी वाहन चालक और राहगीर आ सकता है और इससे कोई भी बड़ा हादसा हो सकता है। उक्त डिवाइडर के शुरू में और आखिर में अंतिम छोर पर रिफ्लेक्टर भी नहीं लगाए गए हैं। इसके चलते रात के समय अक्सर देखा गया है कि वाहन चालकों को डिवाइडर दिखाई नहीं पड़ता और आए दिन डिवाइडर के ऊपर वाहन चढ़ने का मामला सामने आता रहता है।
क्या बोले स्थानीय लोग
पैर फंसने से गिरा राहगीर
शहर के गांधी चौक की सड़क के बाहर निकले हुए लोहे के सरियों में अचानक पैर फंसने के कारण एक राहगीर सड़क पर जा गिरा था। इस दौरान गनीमत यह रही कि इस बीच कोई वाहन सड़क से नहीं गुजर रहा था। अगर कोई वाहन यहां से गुजर रहा होता तो सड़क पर गिरने वाले राहगीर की जान तक जा सकती थी। - गोविंद जायसवाल, दुकानदार।
किसी के भी साथ हादसा होने का डर
शहर की सड़कों पर दिन के समय में तो फिर भी हालत सामान्य रहते हैं, लेकिन रात के समय इन बाहर निकले लोहे के एंगल में उलझने के कारण किसी के भी साथ कोई बड़ा हादसा होने का डर रहता है। प्रशासन को गांधी चौक की सड़क के बाहर निकल रहे सरियों सहित डिवाइडर के ऊपर निकल रहे लोहे के एंगलों को जल्द से जल्द व्यवस्थित करवा देना चाहिए। -सुनील पुरी, स्थानीय निवासी
जल्द व्यवस्थित करवा दिए जाएंगे एंगल
यह मामला मेेरे ध्यान में नहीं था। अब यह बात सामने आई है तो शहर के गांधी चौक के बाजार और डिवाइडर के बीच से निकले लोहे के सरियों और एंगलों को जल्द से जल्द व्यवस्थित करवा दिया जाएगा। -रूचि सिंह बेदी, प्रशासक नगर परिषद
जांच करके ठीक करवाएंगे
यह मामला मेरे संज्ञान में आ गया है। अब खुद मौके का दौरा करके जांच की जाएगी। जनहित को देखते हुए गांधी चौक के शुरू में सड़क से बाहर निकल रहे सरिये सहित डिवाइडर के ऊपर निकल रहे लोहे के एंगलों को ठीक करवा दिया जाएगा। -सुभाष, जेई, नगर परिषद कालका