फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

घग्गर में मौज - मस्ती में है जान का जोखिम, लोग प्रशासन की चेतावनी कर रहे अनदेखा

विज्ञापन
विज्ञापन
पंचकूला। बरसात के मौसम में घग्गर और टांगरी नदी में कई लोग मौज मस्ती के चक्कर में अपनी जान गवां चुके हैं, इसके बावजूद लोग प्रशासन की चेतावनी को नजरअंदाज कर रहे हैं। प्रशासन भी इन लोगों पर नकेल नहीं कस पा रहा है। लोग पिकनिक मनाने और नहाने तो पहुंचते तो हैं ही, छोटे बच्चे भी नदी की तरफ खिंचे चले आते हैं। बरसात के दौरान घग्गर के तेज बहाव में कई बार युवा और बच्चे फंस चुके हैं, जिनको मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया है। वर्तमान में बुर्जकोटिया की नदी में लोग मौज मस्ती के लिए पहुंच रहे हैं। कुछ दिन पूर्व भी भारी संख्या में लोग परिवार के साथ नदी में मौज मस्ती करने पहुंचे थे, लेकिन जैसे ही पिंजौर पुलिस को इसकी जानकारी लगी तो वे मौके पर पहुंचे और लोगों को नदी से बाहर निकाला।
विज्ञापन

पहले लगा था चेतावनी का बोर्ड
गांव बुर्जकोटिया से बहनी वाली घग्गर नदी में प्रतिदिन कई युवा मौज मस्ती करने पहुंचते हैं। नदी के रास्ते में पहले जिला प्रशासन का चेतावनी बोर्ड भी लगा हुआ था। अब वहां से चेतावनी बोर्ड भी गायब हो गया है। लोग बेधड़क नदी में जाते हैं, और झरने में नहाने लगते हैं। बरसात में नदी का बहाव तेज हो जाता है। पंचकूला, चंडीगढ़ और आसपास के क्षेत्रों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में युवा बुर्जकोटिया नहाने के लिए पहुंचते हैं।
नदी - नालों से दूर रहने की अपील करता है प्रशासन
प्रशासन बरसात के मौसम में लोगों को नदी और नालों से दूर रहने की अपील करता है। प्रशासन लोगों से अपील करता है कि जिले में बहने वाले नदी-नालों में जाने से अपने बच्चों को रोकें। लोग नदी में बाढ़ के दौरान लकड़ी और अन्य सामग्री पकड़ने चले जाते हैं। पानी का बहाव अधिक होने से बहने का खतरा बना रहता है। पहाड़ों में अचानक हुई बारिश के कारण नदी का बहाव तेज हो जाता है। वह अपने रास्ते में आने वाली हर चीज को बहाकर ले जाती है। इसलिए नदियों से दूरी बनाकर रखने में ही भलाई है।
विज्ञापन

बुर्जकोटिया स्थित नदी के पास नाका लगाया जाएगा। पुलिस गश्त भी बढ़ाया जाएगा। इसके बावजूद जो लोग नदी मेें जाएंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - हरविंद्र, एसएचओ पिंजौर
बरसात के समय लोग नदी - नालों के कच्चे रास्तों से ना गुजरें
बरवाला। बरसात के मौसम में पहाड़ों और ऊंचाई वाले स्थानों पर अचानक से बारिश होने से नदी नालों में बाढ़ आ जाती है। इससे नदी नालों के कच्चे रास्तों से गुजरने वाले लोग बाढ़ की चपेट में आ जाते हैं। बरवाला पुलिस चौकी इंचार्ज मुकेश कुमार और मौली पुलिस चौकी इंचार्ज गुलाब सिंह ने लोगों से नदी नालों पर बने कच्चे रास्तों और बनाए काजवे मार्गों से नहीं गुजरने की अपील की है। इस मौसम में जिला प्रशासन द्वारा नदी नालों के पास जाने पर धारा 144 लगाई गई है।
प्रशासन इसका पालन करें और लोगों को भी जागरूक करें। दोनों चौकी प्रभारियों ने लोगों से अपील कर कहा है कि अगर कोई भी व्यक्ति बरसात के समय नदी नालों में आई बाढ़ के दौरान कच्चे रास्तों से गुजरता नजर आए तो उसकी सूचना पुलिस को दें और ऐसे रास्तों से गुजरने वाले लोगों को जागरूक भी करें ताकि बरसात के समय नदी नालों में आई बाढ़ से होने वाले हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।
टांगरी नदी में बढ़ा पानी का जलस्तर
रायपुररानी। कस्बे में शनिवार रात को हुई तेज बारिश के बाद रायपुररानी-मोरनी मार्ग पर स्थित टांगरी नदी का जलस्तर काफी ज्यादा बढ़ गया। प्रशासन द्वारा नदी क्षेत्र के नजदीक लोगों के जाने पर पाबंदी लगाए जाने के बावजूद भी युवा और ग्रामीण अपने मोबाइल कैमरे में मनमोहक दृश्य कैद करते नजर आए। बारिश के बाद बढ़े जलस्तर को लेकर नदी के पास के ग्रामीण डरे हुए हैं। लोगों ने बताया कि पहले भी बारिश के मौसम में नदी में आए पानी की वजह से उनके घर बह गए थे। प्रशासन ने मशक्कत के बाद पानी से सबको सही सलामत बाहर निकाला था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें