अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। इस बार नए सत्र के दौरान पंजाबी यूनिवर्सिटी में विभिन्न अंडरग्रेजुएट कोर्सों में दाखिला लेने के इच्छुक विद्यार्थियों की संख्या में पिछले वर्ष की तुलना में 12 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है। अंडरग्रेजुएट कोर्सों में दाखिले को लेकर विभिन्न विभागों में चल रही साक्षात्कार/काउंसलिंग प्रक्रिया के अवसर पर वीरवार को वाइस चांसलर डॉ. जगदीप सिंह ने विभिन्न स्थानों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।
उन्होंने यूनिवर्सिटी में दाखिला लेने आए विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से भी बातचीत की और उनके विचार और समस्याओं के बारे में जाना। डॉ. जगदीप सिंह ने कहा कि यूनिवर्सिटी के लिए यह खुशी की बात है कि सभी कोर्सों में दाखिला लेने के इच्छुक विद्यार्थियों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। पंजाबी यूनिवर्सिटी में विद्यार्थियों द्वारा दिखाए गए भरोसे को पूरी तरह कायम रखा जाएगा। यूनिवर्सिटी में शैक्षणिक माहौल को बेहतर बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। केंद्रीय दाखिला सेल के निदेशक डॉ. गुलशन बांसल ने आंकड़े साझा करते हुए बताया कि बी फार्मेसी, बीकॉम, बैचलर ऑफ फिजियोथैरेपी, होटल मैनेजमेंट और इंजीनियरिंग के विभिन्न कोर्सों में दाखिले के लिए प्राप्त हुए आवेदनों में पिछले साल के मुकाबले 12 से 17 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
इसी तरह आर्ट्स और साइंस तथा खासकर अर्थशास्त्र, अंग्रेजी, इतिहास, राजनीति विज्ञान, मनोविज्ञान, पंजाबी, बायोटेक्नोलॉजी और रसायन विज्ञान में भी पिछले साल के मुकाबले वृद्धि देखने को मिली है। डाॅ. बांसल ने कहा कि आने वाले दिनों में और अधिक आवेदन आने की उम्मीद है। यह पीयू के लिए बहुत बड़ी खुशखबरी है।