पंचकूला। केंद्र और प्रदेश सरकार महाराजा अग्रसेन के दिखाए मार्ग पर चल कर सबका साथ सबका विकास की नीति पर कार्य कर रही है। जिस प्रकार से महाराजा अग्रसेन अपने राज्य में बसने वाले हर व्यक्ति को एक ईंट और एक रुपया भेंट कर सहयोग करते थे, उनकी इसी समावेशी और दूरगामी सोच को आधार बनाकर सरकार अपनी योजनाओं से प्रत्येक व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है। यह बात मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को महाराजा अग्रेसन जयंती महोत्सव के राज्यस्तरीय कार्यक्रम में कही। यह कार्यक्रम सेक्टर-5 के इंद्रधनुष ऑडिटाेरियम में हुआ। बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे सीएम ने लोगों को शारदीय नवरात्र की बधाई दी और महाराजा अग्रसेन को नमन किया। कार्यक्रम में करीब 3500 लोगों ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल की।
सीएम बोले-अग्रवाल समुदाय के लोगों की भूमिका हर क्षेत्र में
उन्होंने अग्रवाल समाज के गौरवशाली इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि हर क्षेत्र में अग्रवाल समुदाय के लोगों की भूमिका देखने को मिलती है। अग्रवाल समाज मुख्य रूप से व्यापार और उद्योग से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने पिछले कुछ वर्षों में उद्योग और व्यापार के अनुकूल माहौल बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। सरकार की नीतियों के कारण आज हरियाणा देश-विदेश के निवेशकों की पहली पसंद बन गया है। व्यापारियों की समस्याओं का समाधान करने के लिए ‘हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड’ का गठन किया है। हिसार हवाई अड्डे का नाम महाराजा अग्रसेन के नाम पर रखा है ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके आदर्शों और सिद्धांतों को याद रखें।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक प्रेम गोयल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, पूर्व मंत्री असीम गोयल, विधायक सावित्री जिंदल, विधायक घनश्याम सर्राफ, राज्य स्तरीय समारोह के समन्वयक अमित जिंदल, उपायुक्त सतपाल शर्मा, पुलिस उपायुक्त सृष्टि गुप्ता, चेयरमैन गोसेवा आयोग श्रवण गर्ग, भाजपा के जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, मेयर कुलभूषण गोयल, मेयर सोनीपत राजीव जैन, मेयर करनाल रेणू बाला गुप्ता, भाजपा के प्रदेश महासचिव डाॅ अर्चना गुप्ता, अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल शरण गर्ग, ब्रिजलाल गर्ग, कैलाश मित्तल, डाॅ सुषमा गुप्ता, शिव कुमार जैन, कन्हैया मित्तल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
महारक्तदान शिविर में 1121 लोगों ने किया रक्तदान
जयंती समारोह के दौरान विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन हुआ। इसमें 1121 रक्तदानियों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। आठ ब्लड बैंकों की टीम ने रक्त इकट्ठा किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रक्तदाताओं को बैच लगाकर और सर्टिफिकेट प्रदान कर उनका हौसला बढ़ाया।