पंचकूला। वर्क फ्रॉम होम का झांसा देकर महिला से 4.47 लाख रुपये की ठगी के मामले में साइबर थाना पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चोरों को सोमवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से मौलीजागरां निवासी आरोपी रिदम को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, तीन आरोपियों का पुलिस रिमांड मिला है। इनमें अभय मनीमाजरा, अंशु सेक्टर-29 पंचकूला और पीयूष सेक्टर-7 पंचकूला निवासी शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक पंचकूला निवासी महिला को 28 मई को व्हाट्सएप पर अंजान नंबर से वर्क फ्रॉम होम का ऑफर मिला। इसके बाद उन्हें एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा गया, जहां निवेश पर अधिक मुनाफे का लालच देकर अलग-अलग किस्तों में कुल 4.47 लाख रुपये ठग लिए गए। जब महिला को धोखाधड़ी का अहसास हुआ तो उसने साइबर थाना में शिकायत दर्ज करवाई। डीसीपी क्राइम मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि साइबर एसएचओ युद्धवीर सिंह की अगुवाई में जांच एएसआई बृजेश कर रहे हैं। पुलिस ने 16 सितंबर को पहले आरोपी रिदम निवासी मौली जांगरा चंडीगढ़ को गिरफ्तार किया। कोर्ट ने उसे पुलिस रिमांड पर भेजा था। रिमांड के दौरान तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।