न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री तक पहुंचा, कोहरे से जनजीवन प्रभावित
मौसम में अभी ठंड का असर बरकरार
शाम को विजिबिलिटी कम होने से लोग परेशान
ठंड बढ़ने से हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थमी, सर्दी अभी रहेगी कायम
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। जिले में शीतलहर के चलते ठिठुरन बनी हुई है। सोमवार की रात रही सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। जहां अधिकतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं न्यूनतम तापमान गिरकर 2.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में भी साफ नजर आ रहा है, जिससे ठंड के तेवर और तीखे हो गए हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। दिन में हल्की हवा चलने के बाद मौसम कुछ हद तक साफ हुआ, लेकिन शाम होते ही फिर से कोहरा छा गया और विजिबिलिटी काफी कम हो गई। रात के समय सर्दी और बढ़ गई।
कालका, पिंजौर, बरवाला, मोरनी, रायपुररानी और रामगढ़ सहित जिले के कई इलाकों में विजिबिलिटी कम रहने के कारण सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। हाईवे पर भी वाहनों की रफ्तार थमी रही। ठंड बढ़ने का असर अस्पतालों में भी दिखाई दिया, जहां बच्चों की ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ गई, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
आगामी दिनों में मौसम का हाल
तिथि — अधिकतम तापमान (°C) — न्यूनतम तापमान (°C)
14 जनवरी — 14 — 5.0
15 जनवरी — 16 — 6.0
16 जनवरी — 17 — 8.0
17 जनवरी — 17 — 10
18 जनवरी — 18 — 10