पंचकूला। शहर को स्वच्छ, सुंदर और हराभरा बनाने की मुहिम को आगे बढ़ाकर नगर निगम 1 से 15 अगस्त तक विशेष स्वच्छता पखवाड़ा आयोजित करेगा। इसमें नगर निगम के साथ-साथ हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के सेक्टरों में भी स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। विस अध्यक्ष ने स्वच्छता पखवाड़े में सेक्टरों और औद्योगिक क्षेत्रों से निर्माण अवशिष्ट उठाने के लिए जेसीबी, ट्रैक्टर-ट्राली व अन्य स्वच्छता गतिविधियों के लिए अपने स्वैच्छिक कोष से 50 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की।
विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने शनिवार को सेक्टर -1 स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में पंचकूला की रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशंस, पार्क डेवलपमेंट समितियां, एनजीओ और धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ स्वच्छता पखवाड़ा की रूपरेखा तैयार की। इस व्यापक स्वच्छता अभियान में बढ़ चढ़कर योगदान देने का आह्वान किया। इस मौके पर नगर निगम के महापौर कुलभूषण गोयल, नगर निगम के आयुक्त धर्मवीर सिंह और बीजेपी के जिला अध्यक्ष जय शर्मा भी उपस्थित रहे।
संगठनों की रहेगी विशेष भागीदारी
विस अध्यक्ष ने कहा कि स्वच्छता पखवाड़ा में संबंधित वार्डों के पार्षदों के साथ -साथ रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन, पार्क डेवलपमेंट सोसायटियों, धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं की विशेष भागीदारी रहेगी। इसके अलावा आईटीबीपी के एक हजार जवान भी पंचकूला को स्वच्छ बनाने की इस मुहिम में अपनी सेवाएं देने के लिए आगे आए हैं। निरंकारी मिशन के हजारों स्वयं सेवक भी इस पखवाड़े को सफल बनाने में अपना योगदान देंगे।
स्वच्छता पखवाड़े की रूपरेखा का जिक्र कर ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि पंचकूला में एक योजनाबद्ध तरीके से विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। वार्ड वाइज टीमों का गठन किया जाएगा, इसमें संबंधित वार्ड के पार्षद, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधि और नोडल अधिकारी सहित पांच सदस्य शामिल होंगे। ये टीमें प्रत्येक वार्ड के लोगों से बैठक कर वहां की आवश्यकताओं के अनुसार होने वाली गतिविधियों की रिपोर्ट आगामी तीन दिन के अंदर तैयार करेंगी। स्वच्छता पखवाड़े के दौरान सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले तीन वार्डों को नगर निगम की तरफ से एक लाख, 50 हजार और 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यह राशि संबंधित वार्डों के विकास में खर्च होगी।
जल्द शुरू होगा बी-रोडस की नियमित सफाई का काम
नगर निगम महापौर कुलभूषण गोयल ने कहा कि नगर निगम द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में नगर निगम द्वारा दो स्वीपिंग मशीनों के माध्यम से ए-रोड्स की प्रतिदिन सफाई की जाती है। शीघ्र ही तीसरी स्वीपिंग मशीन नगर निगम पंचकूला को मिलने वाली है, जिसके उपरांत बी-रोडस की नियमित साफ-सफाई का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इसके अलावा 688 सफाई मित्रों के माध्यम से रोजाना प्रत्येक वार्ड में साफ-सफाई की जाती है। इस अवसर पर बीजेपी जिला महामंत्री परमजीत कौर, उप नगर निगम आयुक्त दीपक सूरा, अधीक्षक अभियंता विजय गोयल, सहित धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।