चंडीगढ़। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन भोपाल सिंह खदरी और कर्मचारियों को लाखों रुपये के ऑफर और जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर के पास पहुंच गया है। आयोग के चेयरमैन ने मुख्यमंत्री को पूरे मामले की विस्तार से जानकारी दी है। इसके बाद सीएम ने पुलिस के आला अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस मामले की गंभीरता से जांच की जाए और माफिया के सदस्यों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाए। इसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस ने कई टीमें गठित करके अलग अलग स्थानों पर छापेमारी भी शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि एचएसएससी के चेयरमैन भोपाल सिंह खदरी ने बताया था कि पुरुष सिपाही भर्ती में गड़बड़ी में पकड़े गए युवाओं को छोड़ने और मामलों को रफा दफा करने के लिए आयोग के कर्मचारियों को लाखों रुपये के ऑफर और धमकी मिल रही हैं। साथ ही खुद चेयरमैन से सेटिंग के लिए निजी एजेंसी संचालक के पास भी माफिया के लोगों के फोन आए हैं। इसके बाद से हरियाणा सरकार में हड़कंप मच गया। हरियाणा सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत प्रभाव से चेयरमैन और अन्य कर्मचारियों की सुरक्षा बढ़ाकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को शिकायत देने में देरी क्यों
अब मामले में सवाल ये है कि जब आयोग के चेयरमैन समेत कर्मचारियों को धमकी भरे फोन आ रहे हैं तो आरोपियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत क्यों नहीं दी गई? अब विपक्ष भी इस मामले को मुद्दा बना रहा है कि आखिर अब तक पुलिस को शिकायत क्यों नहीं दी गई।
पीएमटी के गैर हाजिरों को आखिरी मौका
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने पुरुष सिपाही भर्ती में पीएमटी में गैरहाजिर रहे युवाओं को अंतिम मौका दिया है। वे अभ्यर्थी 21 जनवरी को पंचकूला के सेक्टर-5 स्थित परेड ग्राउंड में आकर पीएमटी और दस्तावेज जांच करा सकते हैं। इसके साथ ही कमांडो, एसआई, महिला सिपाही और दुर्गा शक्ति के लिए पीएमटी के लिए अदालत के आदेश हो तो वह भी इस दिन आ सकता है।
मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। किसी भी सूरत में आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा। भर्तियों में फर्जीवाड़ा करने वालों की तलाश जारी है। जांच के बाद ही विस्तृत जानकारी दी जा सकती है। - विजय नेहरा, एसीपी।
मैंने पूरे मामले की जानकारी मुख्यमंत्री मनोहर लाल को दी है। सीएम ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। मामला उनके संज्ञान में आने के बाद ही सुरक्षा बढ़ाई गई है। साथ ही जहां पर सिपाही भर्ती के लिए पीएमटी चल रहा है, वहां पर भी सुरक्षा कड़ी की गई है। पुलिस की जांच के बाद ही मामले का खुलासा हो सकेगा। - भोपाल सिंह खदरी, चेयरमैन, एचएसएससी।