पंचकूला। ताऊ देवी लाल क्रिकेट स्टेडियम में सोमवार को नमो क्रिकेट लीग के दौरान क्रिकेट का रोमांच सूफियाना रंग में बदल गया। पंजाबी सूफी गायक कंवर ग्रेवाल ने मंच संभालते ही अपनी दमदार आवाज से दर्शकों को बांध लिया। उनकी प्रस्तुति पर स्टेडियम तालियों और वाहवाही से गूंज उठा।
कंवर ग्रेवाल ने अपनी लोकप्रिय सूफी रचनाओं ‘रब्बा’, ‘इश्क दी नवई नवई’ और ‘यार मेरा तितलियां वरगा’ समेत कई गीत प्रस्तुत किए। उनके गीतों पर दर्शक तालियां बजाते और झूमते नजर आए। कई दर्शक अपने स्थान पर खड़े होकर प्रस्तुति का आनंद लेते दिखाई दिए।
कंवर ग्रेवाल ने संगीत के साथ युवाओं को नशे से दूर रहने और खेलों से जुड़ने का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि संगीत और खेल युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने का माध्यम हैं। क्रिकेट के मैदान पर चौकों-छक्कों के बीच सूफी सुरों की महफिल नमो क्रिकेट लीग का खास आकर्षण बनी। खेल, संगीत और सामाजिक संदेश के इस संगम ने दर्शकों का उत्साह बढ़ा दिया।