पंचकूला। सेक्टर 1 स्थित लघु सचिवालय के सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति और सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता पंचकूला उपायुक्त महावीर कौशिक ने की। इस दौरान उपायुक्त ने जनवरी में संभावित धुंध की स्थिति को देखते हुए यातायात पुलिस को जिला में विभिन्न चिन्हित दुर्घटना संभावित प्वाइंट्स पर निगरानी बढ़ाने व लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि वर्ष 2019 की तुलना में वर्ष 2021 में सड़क दुर्घटना के मामलों में 20 प्रतिशत कमी लाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कालका, पिंजौर, रायपुररानी व पंचकूला में दुर्घटना संभावित प्वाइंट्स के बारे में चर्चा की और यातायात पुलिस को यहां होने वाली दुर्घटनाओं के कारणों का पता लगा कर निवारक उपाय अपनाने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने जीरकपुर-कालका राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई जगह गड्ढे होने की शिकायत पर कड़ा संज्ञान लेते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को रोड की मरम्मत कर 15 दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इस पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों ने उपायुक्त को अवगत करवाया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर पैचवर्क का कार्य प्रगति पर है और इसे आगामी 10 दिनों में पूरा कर लिया जाएगा।
महेशपुर में सर्विस लेन वाहन खड़े किए तो होगा चालान
राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव महेशपुर में सर्विस लेन पर वाहनों के गलत तरीके से पार्किंग की वजह से लगने वाले जाम से लोगों का निजात दिलवाने के लिए उपायुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, नगर निगम और पुलिस विभाग को एक संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए ताकि यातायात को सुचारू रूप से चलाया जा सके। उन्होंने कहा कि तीनों विभाग यह सुनिश्चित करेंगे कि लोगों द्वारा नियमों के अनुसार वाहनों की पार्किंग की जा रही है। उन्होंने यातायात पुलिस को निर्देश दिए कि सर्विस लेन में गलत तरह से वाहन पार्किंग करने पर चालान किए जाएं। उपायुक्त ने महाविद्यालयों के छात्रों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए यातायात पुलिस के सहयोग से महाविद्यालयों में विशेष शिविरों का आयोजन किया जाए। वहीं, बैठक में उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी जाने वाली एंबुलेंस सेवा के बारे में भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि दुर्घटना की स्थिति में पीड़ित तक पहुंचने के लिए एंबुलेंस के रिस्पांस टाइम को और कम किया जाना चाहिए।
स्कूल बसों की चेकिंग करने के दिए निर्देश
सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि जिला में सभी स्कूल खुल गए हैं। अत: सभी स्कूली बसों की चेकिंग कर ये सुनिश्चित किया जाए कि बसों में सभी प्रकार की सुरक्षा उपायों जैसे-फस्ट एड बॉक्स व फायर सिलिंडर इत्यादि की व्यवस्था की गई है या नहीं। इस मौके पर एसडीएम ऋचा राठी, कालका नगर परिषद की कार्यकारी अधिकारी निशा शर्मा, एसीपी रमेश गुलिया और मुकेश जाखड़, जीएम रोडवेज रविंदर पाठक, व अन्य विभागों के संबंधित अधिकारी और रोड सेफ्टी वालंटियर्स भी उपस्थित थे।