मोहाली। पंजाब के शिक्षा और सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने पंजाब के सरकारी स्कूली विद्यार्थियों से विज्ञान विषयों पर ध्यान केंद्रित करके आईआईएसईआर, आईआईटी और आईआईएम जैसे देश के प्रमुख संस्थानों में प्रवेश लेने का आह्वान किया है।
मोहाली स्थित भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (आईआईएसईआर) में दो दिवसीय विज्ञान उत्सव का उद्घाटन करते हुए शिक्षा मंत्री बैंस ने प्रसिद्ध भारतीय एवं अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिकों एवं शोधकर्ताओं सर सीवी रमन, जेसी बोस, आईसेक न्यूटन एवं कॉपरनिकस का उदाहरण देते हुए सरकारी स्कूलों के विज्ञान के 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों को इन महान हस्तियों का अनुसरण करते हुए वैज्ञानिक एवं आविष्कारक बनने के लिए प्रेरित किया। इस कार्यक्रम में मेरिटोरियस स्कूल के विद्यार्थियों ने भी भाग लिया। फेस्ट के दौरान दिखाए गए विज्ञान मॉडलों में शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने गहरी दिलचस्पी दिखाई।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि ये सब प्रत्येक घटना के पीछे के कारण को जानने की जिज्ञासा और कुछ अनूठा एवं नया आविष्कार करने के लिए आगे बढ़ने की प्रबल इच्छा के कारण संभव हुआ है। हमें इन वैज्ञानिकों को अपना आदर्श बनाना चाहिए तथा पुस्तकालयों में रखी पुस्तकों को अपना मित्र बनाना चाहिए।
आईआईएसईआर के निदेशक डॉ. अनिल कुमार त्रिपाठी ने कहा कि 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के रूप में मनाया जाता है, जो 1928 में सर सीवी रमन की रमन प्रभाव की अभूतपूर्व खोज की वर्षगांठ के उपलक्ष्य में मनाया जाता है।