सेक्टर-7 स्कूल की छात्राओं ने सीखी पर्यावरण संरक्षण की सीख, पौधारोपण व पक्षी पहचान गतिविधियों में लिया हिस्सा
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-7 की छात्राओं ने थापली में आयोजित नेचर कैंप में भाग लेकर प्रकृति के बीच सीखने का अनूठा अनुभव हासिल किया। कैंप का उद्देश्य छात्राओं को प्रकृति से जोड़ना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।
कैंप के दौरान यूथ कोऑर्डिनेटर नरेंद्र सिंह ने छात्राओं को पेड़-पौधों, वन्य जीवों और प्राकृतिक संसाधनों के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बढ़ते प्रदूषण और जल संकट को देखते हुए पर्यावरण की रक्षा करना बेहद जरूरी है।
छात्राओं ने प्रकृति भ्रमण, पक्षियों की पहचान, पौधारोपण और स्वच्छता अभियान जैसी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने प्राकृतिक सौंदर्य को करीब से देखा और विभिन्न पौधों व पक्षियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। कैंप में छात्राओं को अनुशासन, टीमवर्क और नेतृत्व क्षमता का भी प्रशिक्षण दिया गया। समूह में कार्य करते हुए उन्होंने सहयोग और जिम्मेदारी की भावना विकसित की। नरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रकृति और संस्कृति का गहरा संबंध है, इसलिए हमें अपनी प्राकृतिक धरोहर की रक्षा करनी चाहिए। कैंप के अंत में छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली और इस अनुभव को यादगार बताते हुए प्रकृति बचाने का संदेश दिया।