पंचकूला। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों ने मैदानी खेलों के साथ-साथ इनडोर खेलों में भी अपनी एक अलग पहचान बनाई है। बेहतरीन खेल नीति बनाने के साथ हरियाणा सरकार द्वारा खिलाड़ियों को विश्व स्तरीय सुविधाएं दी जा रही हैं। वे वीरवार को सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम में भारतीय टेबल टेनिस संघ और हरियाणा टेबल टेनिस एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही यूटिलिटी नेशनल रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप फाइनल और पारितोषिक वितरण समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री एवं टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष दुष्यंत चौटाला भी उपस्थित थे। राज्यपाल ने कहा कि आज हरियाणा सरकार की खेल नीति की न केवल देश में बल्कि विदेशों में भी सराहना की जा रही है।
यूटिलिटी नेशनल रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप के विजेता खिलाड़ियों को बधाई देकर राज्यपाल ने कहा कि इस राष्ट्र स्तरीय टूर्नामेंट में जिन खिलाड़ियों ने जीत दर्ज की है, वे बधाई के पात्र हैं। इस चैंपियनशिप में ओलंपियन शरद कमल और सुथिर्ता मुखर्जी के साथ-साथ हरियाणा की खिलाड़ी सुहाना सैणी भी भाग ले रही हैं, जो अंडर-16 में विश्व में चौथे नंबर की खिलाड़ी हैं। कार्यक्रम के अध्यक्ष उप मुख्यमंत्री एवं टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष दुष्यंत चौटाला ने कहा कि इस प्रतियोगिता में देशभर के 650 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज से 20 वर्ष पूर्व ग्रामीण आंचल में लोगों को टेबल टेनिस खेल की जानकारी तक नहीं थी, लेकिन पिछले दो दशकों में इस खेल ने एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य है कि 2022 में यूके में होने वाली कॉमन वेल्थ खेलों में भारत के खिलाड़ी सबसे अधिक पदक जीत कर देश का नाम रोशन करेंगे।
खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार से किया सम्मानित
राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और मेयर ने प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को स्वर्ण, रजत व कांस्य पदक और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। पुरुष एकल प्रतियोगिता में पेट्रोलियम स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड के शरद कमल विजयी रहे, जबकि महिला एकल प्रतियोगिता में बंगाल-ए टीम की प्राप्ति सेन ने बाजी मारी। शरद कमल को स्वर्ण पदक, 84 हजार रुपये नकद पुरस्कार व शील्ड देकर सम्मानित किया गया, जबकि प्राप्ति सेन को स्वर्ण पदक, 72 हजार रुपये नकद पुरस्कार व शील्ड से नवाजा गया। पुरुष एकल प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त करने पर सोम्यजीत घोष को को रजत पदक, 42 हजार रुपये की नकद राशि, जबकि तीसरा स्थान प्राप्त करने पर हरमीत देसाई को कांस्य पदक के साथ-साथ 21 हजार रुपये की नकद राशि व शील्ड देकर सम्मानित किया गया।
महिला एकल प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त करने पर रजत पदक, 36 हजार तथा तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को कांस्य पदक जीतने पर 18 हजार रुपये की नकद राशि और शील्ड प्रदान की गई। इस मौके पर विधायक देवेंद्र बबली व रामकरण काला, उपायुक्त विनय प्रताप सिंह, पुलिस उपायुक्त मोहित हांडा, नगर निगम के महापौर कुलभूषण गोयल, भारतीय टेबल टेनिस संघ के महासचिव अरुण बैनर्जी, आयोजन सचिव एमपी सिंह, भारतीय टेबल टेनिस संघ के वरिष्ठ संयुक्त सचिव यशपाल राणा व भारतीय टेबल टेनिस संघ के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।