पंचकूला। हरियाणा के खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम ने कहा कि स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, राई 491 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जाएगी। यह यूनिवर्सिटी केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि भावी ओलंपियन और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी तैयार करने की प्रयोगशाला होगी। यहां पर खेल मैदानों, प्रशिक्षण सुविधाओं, रहने और खाने की अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध होंगी। हरियाणा खेल मंत्री शुक्रवार को पंचकूला के सेक्टर-3 ताऊ देवीलाल स्टेडियम में खेल विभाग, स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, राई (सोनीपत) के अधिकारियों, लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ आयोजित की गई समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस दौरान अत्याधुनिक खेल इंफ्रास्ट्रक्चर की ड्राइंग व डिजाइन को अंतिम रूप देने पर भी चर्चा की गई।
हरियाणा सरकार द्वारा खेल विभाग के माध्यम से प्रदेशभर के खेल स्टेडियमों की मरम्मत एवं कायाकल्प के लिए 114 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है। इनमें से कई स्थानों पर कार्य प्रारंभ भी हो चुके हैं। खेल मैदानों की जो ग्रेडिंग की गई है, उसमें और अधिक सुधार लाने के लिए डीएससी (डिस्टिक स्पोर्ट्स कौंसिल) से अतिरिक्त संसाधन खर्च किए जाएंगे, जिसकी विस्तृत रूपरेखा तैयार की जा रही है। बैठक में खेल विभाग के प्रधान सचिव विजय सिंह दहिया, खेल विभाग के निदेशक पार्थ गुप्ता, स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, राई (सोनीपत) के कुलपति अशोक कुमार व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
दो बार डिप्टी डायरेक्टर जिलों के स्टेडियमों का करें औचक निरीक्षण
खेल मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि डिप्टी डायरेक्टर स्तर के अधिकारी अपने-अपने निर्धारित जिलों के स्टेडियमों का महीने में कम से कम दो बार औचक निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों को समयबद्ध तरीके से दूर किया जाएगा तथा इसके लिए संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी।