पंचकूला। जिले में खिलाड़ियों की नई पौध तैयार हो सके, इसके लिए खेल विभाग ने जिले के एक पॉलिटेक्निक कॉलेज समेत 14 सरकारी और निजी स्कूलों का खेल नर्सरी के लिए चयन किया है। इनमें 10 सरकारी और चार निजी शिक्षण संस्थान शामिल हैं। इनमें कई जगहों पर खेल नर्सरियां पहले से ही चल रही हैं और कुछ जगहों पर इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है।
इस योजना का उद्देश्य खेलों को बढ़ावा देने के साथ-साथ जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं को निखारना है। इसके तहत पूर्व संचालित खेल नर्सरी योजना में भी व्यापक बदलाव किए गए हैं। बता दें कि जिले भर से करीब 50 शिक्षण संस्थानों ने खेल नर्सरी के लिए आवेदन किया था। इनमेें से एक कॉलेज समेत महज 14 शिक्षण संस्थानों को मंजूरी मिली है। जिन शिक्षण संस्थानों को खेल विभाग ने चुना है, इनमें अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों को विभाग हर महीने खुराक भत्ता देगा।
इतना मिलेगा खुराक भत्ता
खेल विभाग की ओर से जारी निर्देशानुसार एक खेल नर्सरी में 25 खिलाड़ी अभ्यास करेंगे। विभाग की तरफ से 8 से 14 साल के खिलाड़ियों को 1500 रुपये और 15 से 19 साल के खिलाड़ियों को दो हजार रुपये मासिक खुराक भत्ता दिया जाता है। वहीं, खेल नर्सरी के प्रशिक्षकों को योग्यता के आधार पर शिक्षण संस्थानों की ओर से वेतन दिया जाएगा।
खेल विभाग ने इन 14 शिक्षण संस्थानों को चुना
1. सेक्टर-26 के गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज में पुरुष वर्ग के 25 खिलाड़ियों के लिए टेबल टेनिस नर्सरी
2. बरवाला स्थित बिल्ला के गवर्नमेंट हाई स्कूल में पुरुष वर्ग के 25 खिलाड़ियों के लिए रेसलिंग नर्सरी
3. सेक्टर-6 पंचकूला के गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पुरुषों के 25 खिलाड़ियों के लिए बॉक्सिंग नर्सरी
4. पिंजौर के गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूूल में पुरुष वर्ग के लिए 25 खिलाड़ियों के लिए वॉलीबाल की नर्सरी
5. कालका के गवर्नमेंट पीजी कॉलेज में पुरुष वर्ग के 25 खिलाड़ियों के लिए फुटबाल नर्सरी
6. सेक्टर-15 के गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पुरुष और महिला वर्ग के 25 खिलाड़ियों के लिए लॉन टेनिस
7. बतौड़ के संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पुरुष खिलाड़ियों के लिए कबड्डी नर्सरी
8. खेड़ी के अरोही मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पुरुष और महिला वर्ग के 25 खिलाड़ियों के लिए एथलेटिक्स नर्सरी
9. मुगलपुरा के अरोही मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पुरुष और महिला वर्ग के 25 खिलाड़ियों के लिए साइक्लिंग नर्सरी
10. सेक्टर-12 पंचकूला सार्थक मॉडल स्कूल में 25 खिलाड़ियों के लिए
इन चार निजी स्कूलों को खेल नर्सरियों के लिए चुना
1. सेक्टर-1 के जैनेंद्रा पब्लिक स्कूल में पुरुष आयुवर्ग के 25 खिलाड़ियों के लिए ताइक्वांडो नर्सरी
2. मोगीनंद के डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल में पुरुष वर्ग के 25 खिलाड़ियों के लिए एथलेटिक्स नर्सरी
3. सेक्टर-15 के हॉलमार्क पब्लिक स्कूल में 25 पुरुष खिलाड़ियों के लिए शूटिंग नर्सरी
4. सेक्टर-12ए के ब्रिलियंस वर्ल्ड स्कूल में पुरुष वर्ग के खिलाड़ियों के लिए फेंसिंग की नर्सरी