पंचकूला। सेक्टर -3 पंचकूला के ताऊ देवी लाल खेल स्टेडियम परिसर में खिलाड़ियों के रहने के लिए निर्मित स्पोर्ट्स हॉस्टल सरकार की उपेक्षा का शिकार हो रहा है। एनएसयूआई के राष्ट्रीय संयोजक दीपांशु बंसल की आरटीआई में यह खुलासा हुआ है कि खेल परिसर के कमरे खिलाड़ियों को नहीं दिए जा रहे हैं। परिसर में 10 कमरे, एक डाइनिंग हाल और एक रसोई के साथ निर्मित स्पोर्ट्स हॉस्टल है। जहां खिलाड़ियों के रहने का प्रबंध होना चाहिए। अभी तक यह नहीं किया गया है। हॉस्टल खिलाड़ियों को अलॉट किए जाने चाहिए लेकिन यह अभी तक अलाट नहीं किए हैं। हॉस्टल में कोई खिलाड़ी अभी तक नहीं रह रहा है। सरकार की उपेक्षा के कारण बिना किसी योजना, बिना किसी जांच, बिना किसी अधिकारी की सिफारिश व बिना किसी नामित स्कीम के तहत विभाग के आदेशों से बंद किया हुआ है। इसी वजह से सरकारी कोष से निर्मित हॉस्टल में अब कोई भी खिलाड़ी नहीं रह रहा है। हॉस्टल अनदेखी का शिकार हो रहा है। यही कारण है कि इलाके के युवाओं के पास खेलों में आगे जाने के लिए कोई विकल्प नहीं है जबकि बंसल का कहना है कि दुर्गम क्षेत्रों से आने वाले युवाओं के लिए हॉस्टल की सुविधा होना जरूरी है।
सरकार के खेलों को बढ़ावा देने की खुली पोल
दीपांशु बंसल ने सरकार द्वारा खेलों को बढ़ावा देने के दावों को हवा-हवाई बताया है। उनका आरोप है कि सरकार की खिलाड़ियों के लिए न तो कोई नीति है। न ही कोई नियत है। इसका खामियाजा खिलाड़ियों को भुगतना पड़ रहा है। उत्तरी हरियाणा खासकर जिला पंचकूला में स्पोर्ट्स के बेहतर संसाधन न होने के कारण खिलाड़ियों और कोचों को स्वयं प्रबंधन करने पड़ते हैं। पंचकूला सूबे की राजधानी से सटा जिला है। यह इलाका आधा पहाड़ी और पिछड़ा क्षेत्र है। इस कारण युवाओं को अपनी प्रतिभा को आगे लाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती है।
खेल विभाग के पास नहीं रिकार्ड , आरटीआई में हुआ खुलासा
एनएसयूआई आरटीआई सेल के राष्ट्रीय संयोजक दीपांशु बंसल ने 29 जनवरी को हरियाणा खेल व यूथ अफेयर्स विभाग के महानिदेशक से आरटीआई के माध्यम से जानकारी प्राप्त की थी। दीपांशु का कहना है कि विभाग के पास कोई प्रॉपर रिकार्ड तक नहीं है कि अब तक कितने खिलाड़ियों ने हॉस्टल का लाभ उठाया तो वही यह भी कोई प्रॉपर रिकार्ड नहीं है कि हॉस्टल के समय खिलाड़ियों के कितने मेडल आए और हॉस्टल बंद होने के बाद कितने खिलाड़ियों के मेडल आए।
खेल मंत्री से की मांग, दोबारा खोला जाए हॉस्टल
दीपांशु बंसल ने हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह से ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि ताऊ देवी लाल खेल स्टेडियम परिसर में स्पोर्ट्स हॉस्टल को तुरंत प्रभाव से खोलने के आदेश जारी करें, जिससे बच्चों को सभी सुविधाएं बेहतर रूप से मुहैया करवाया जाए। इससे दुर्गम इलाकों से आने वाले खिलाड़ियों के लिए सुविधा उपलब्ध हो और खिलाड़ियों को एक बेहतर माहौल मिल सके।