पंचकूला। 12 माह बाद घग्गर पार के हजारों लोगों को पंचकूला में प्रवेश के लिए लंबा चक्कर नहीं काटना पड़ेगा। सेक्टर-24/26 के राउंड अबाउट से सेक्टर-20/21 तक घग्गर नदी पर 50.37 करोड़ की लागत से बनने वाले पुल के काम ने रफ्तार पकड़ लिया है। कोविड के समय से बंद पड़े इस प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए जीरकपुर नगर परिषद ने बकाया 76 लाख रुपये हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण को जमा करवा दिए हैं। अगले माह से इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो जाएगा। जीरकपुर नगर परिषद को घग्गर पर पुल बनाने के लिए एचएसवीपी को वन विभाग के अधीन आने वाली 700 मीटर जगह देनी थी, जो अभी तक एचएसवीपी को नहीं मिली है। हालांकि नगर परिषद इंजीनियरिंग विंग के अधिकारियों का कहना है कि उनकी तरफ से काम पूरा कर लिया गया है। नगर परिषद जीरकपुर ने दीना नगर में वन विभाग को जमीन दे दी है, अब वन विभाग पंजाब को पुल बनाने के लिए एचएसवीपी को अनुमति देनी है।
4 से 7 किमी का सफर कम होगा
घग्गर नदी पर नए पुल का निर्माण होने से 4 से 7 किलोमीटर का सफर कम होगा। वैसे तो सेक्टर-24 से सेक्टर-28 और सेक्टर 20 के बीच की दूरी मात्र एक किलोमीटर से भी कम है, लेकिन रास्ते में घग्गर नदी पर पुल न होने से सेक्टर-3/21 के पुल से गुजर कर जाना पड़ता है। ऐसे में सेक्टर-24 से सेक्टर 28 के निवासियों को चार से सात किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है, लेकिन जैसे ही सेक्टर-24/26 क़े राउंड अबाउट से सेक्टर-20/21 की विभाजित सड़क तक घग्गर नदी पर एक और पुल का निर्माण हो जाएगा तो फासला मात्र एक से तीन किलोमीटर रह जाएगा।
मोहाली एयरपोर्ट और पीआर-7 से कनेक्ट होगा नया पुल
घग्गर नदी पर बनने वाला यह पुल पंजाब, हरियाणा, हिमाचल व चंडीगढ़ को कनेक्ट करने वाली रिंग रोड पीआर-7 का ही हिस्सा है। इस पुल का निर्माण कार्य पूरा होने पर घग्गर पार के हजारों निवासियों को जीरकपुर, राजपुरा, पटियाला, मोहाली एयरपोर्ट पहुंचने में बहुत आसानी होगी। वहीं पंचकूला-यमुनानगर नेशनल हाईवे से भी पीआर-7 की कनेक्टिविटी हो जाएगी। कुल मिलाकर हिमाचल और यूपी से आने वाले वाहनों को भी काफी सुविधा होगी।
घग्गर पर बनने वाले पुल की 76 लाख की बकाया रकम नगर परिषद जीरकपुर ने एचएसवीपी को जमा करवा दिए हैं, लेकिन अभी पंजाब क्षेत्र में वन विभाग के अधीन आने वाली 700 जमीन विभाग को नहीं मिली है। जमीन मिलते ही प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो जाएगा। एनके पायल, एक्सईएन एचएसवीपी पंचकूला।
घग्गर पर पुल बनाने के लिए पहले एचएसवीपी को 196 मीटर जगह दे दी गई है, 700 मीटर वन विभाग का एरिया था, जिसके एवज में वन विभाग को नगर परिषद की तरफ से 4.42 हेक्टेयर जमीन दीनानगर में ट्रांसफर कर दिया गया है। बकाया 76 लाख रुपये भी एचएसवीपी को जमा करवा दिए हैं। विभाग की तरफ से सब कुछ स्पष्ट है, अब वन विभाग को एचएसवीपी को पुल बनाने के लिए अनुमति देनी है। मुकेश राय, एमई नगर परिषद जीरकपुर