पंचकूला। पिंजौैर के अमरावती में आईनॉक्स मॉल के बाहर हुई सोनू नोल्टा की हत्या में नया खुलासा हुआ है। अब आरजू बिश्नोई ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो व पोस्ट के माध्यम से दावा किया है कि सोनू नोल्टा की हत्या गैंगस्टर भुप्पी राणा और बंबीहा गैंग को सपोर्ट करने के कारण की गई। पोस्ट में चेतावनी दी गई है कि जो भी उनके विरोधी गैंग का समर्थन करेगा, उसे जान से मार दिया जाएगा।
पीयूष पिपलानी ने वीरवार रात करीब 10:30 बजे मॉल से फिल्म देखकर बाहर निकलने पर स्कॉर्पियो में बैठे सोनू नोल्टा पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी थी। वहीं, इस दौरान गोली लगने से गंभीर रूप से घायल प्रिंस पीजीआई में भर्ती है। पंचकूला पुलिस ने इस हत्याकांड में पीयूष पिपलानी, अंकुश राणा समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
दूसरा पोस्ट और वीडियो सामने आया
इस हत्याकांड में आरजू बिश्नोई का दूसरा पोस्ट और वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उसने हत्या के कारणों का खुलासा करते हुए कहा कि सोनू नोल्टा के कारण उनके कई भाइयों को नुकसान हुआ था।
पहला वीडियो भी हुआ था वायरल
यह हत्या के बाद दूसरा वीडियो है, जो वायरल हुआ है। वारदात के 20 मिनट बाद ही पीयूष ने गाड़ी में भागते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो डालकर सोनू नोल्टा की हत्या की जिम्मेदारी ली थी। उसने यह भी कहा था कि गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई अनमोल उसके साथ है। उसके कहने पर सोनू नोल्टा को गोली मारी गई है। हालांकि, पुलिस इसे गैंगवार मानने से इनकार कर रही है और इसे एक नया मोड़ दिया जा रहा है।
हत्या से दो दिन पहले हुई थी बहस
सूत्रों के अनुसार हत्या से दो दिन पहले सोनू नोल्टा और पीयूष पिपलानी खाने पर मिले थे। घर लौटते समय दोनों के बीच दूसरे गैंग को सपोर्ट करने को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि सोनू नोल्टा ने पीयूष पर हाथ भी उठाया था, लेकिन उस समय पीयूष ने कोई जवाब नहीं दिया और यह कहते हुए निकल गया था कि आज से तेरी फील्डिंग लग गई।
प्रॉपर्टी डीलिंग और खनन से जुड़ा था सोनू
सोनू प्रॉपर्टी डीलिंग, खनन के काम साथ ढाबा चलाता था। पीयूष की पिंजौर में जूते-चप्पल की दुकान है। सोनू और पीयूष दोनों अच्छे दोस्त थे। इन दोनों पर लड़ाई-झगड़े के मामले दर्ज हैं। पीयूष और अंकुश का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस को शक है कि हत्या का मास्टरमाइंड कोई और है। पुलिस सोनू पर दर्ज मामलों, उसके कारोबार माइनिंग व प्रॉपर्टी डीलिंग से जोड़कर भी हत्याकांड की जांच कर रही है।
...तो डीसी, डीसीपी ऑफिस घेरेंगे
समाजसेवी सिमरनजीत सिंह मान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा है कि अगर एक हफ्ते के अंदर सोनू नेल्टा की हत्या के आरोपी नहीं पकड़े गए तो डीसी, डीसीपी ऑफिस के बाहर प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की है कि देश से गैंगराज खत्म किया जाए। विदेशों में बैठकर लोगों की हत्याएं करवाने वाले गैंगस्टरों को भारत लाकर फांसी की सजा दी जाए।
महाराणा प्रताप जयंती कार्यक्रम स्थगित
सोनू नोल्टा हत्याकांड को लेकर राजपूत सभा पिंजौर ने गहरा रोष व्यक्त किया है। सभा ने एक बैठक कर आज रविवार को महाराणा प्रताप जयंती मनाने के लिए आयोजित होने वाले कार्यक्रम को स्थगित कर दिया है। यह निर्णय सभा के चेयरमैन अनंतराम राणा, प्रधान भागचंद पटवारी, और सचिव प्रीतम सिंह भींवर ने सोनू नोल्टा का अंतिम संस्कार करने के बाद बुलाई गई बैठक में लिया। राजपूत सभा पिंजौर ने प्रशासन से आग्रह किया है कि सोनू नोल्टा के हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उन्हें सजा दिलवाई जाए ताकि सोनू नोल्टा के परिवार को न्याय मिल सके।