रामगढ़। कस्बे में टीबीआरएल की दीवार के साथ बनाई करीब 80 फीट लंबी गली में गलत तरीके से लगाई गईं पेवर ब्लाॅक उखड़ने लगी हैं। लोगों ने इस गली में खराब गुणवत्ता वाली पेवर ब्लाॅक लगाने का आरोप आरोप लगाया है। विभाग द्वारा इस गली को ठीक तरीके से न बनाने पर लोगों में भारी रोष है। स्थानीय लोगों में मोहन लाल, रामपाल, कृष्ण कुमार, सुखबीर सिंह, राजेश कुमार, अवतार सिंह, शेर सिंह व अन्य ने बताया कि इस गली को बनाते समय दोनों ओर नाली नहीं बनाई गई है। इससे पानी की निकासी नहीं हो रही है। वाहनों के गुजरने से टाइलें उखड़ने लगी हैं। उन्होंने बताया कि बारिश के मौसम में इस गली में गहरे गड्ढे पड़ जाएंगे, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने मांग की है कि इस गली के दोनों ओर निकासी के लिए नाली बनाई जाए। वहीं, इस मामले में पंचायती राज विभाग के जेई राजबीर ने बताया कि इस सड़क का मरम्मत कार्य अभी अधूरा रह गया है। इस सड़क डेढ़ लाख रुपये का बजट दोबारा पास हुआ है। 15 दिन तक इस काम को पूरा करवा दिया जाएगा।