चंडीगढ़। विक्की मिड्डूखेड़ा की हत्या की साजिश के आरोपी व सिद्घू मूसेवाला के पूर्व मैनेजर शगनप्रीत के परिवार ने बेटी के जन्म से जुड़ी रस्मों में शामिल होने के लिए पंजाब आने पर सुरक्षा उपलब्ध करवाने के लिए पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट से गुहार लगाई है। याचिका पर हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार सहित अन्य को नोटिस जारी कर जवाब दाखिल करने का आदेश दिया है।
शगनप्रीत के परिवार ने बताया कि वह लंबे समय से ऑस्ट्रेलिया में रह रहे हैं। कुछ समय पहले उनका बेटा शगनप्रीत भी ऑस्ट्रेलिया आ गया था। उनके परिवार को लगातार गैंगस्टरों से धमकियां मिलती आ रही हैं। उनका बेटा सिद्घू मूसेवाला का बेहद करीबी था और उनके लिए कार्यक्रमों का प्रबंधन करता था। सिद्घू की हत्या के बाद से ही लगातार उनके बेटे व परिवार पर लगातार खतरा बना हुआ है। अब उन्हें पंजाब आना है और पंजाब में यह खतरा और अधिक बढ़ जाएगा। ऐसे में उन्होंने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए पंजाब सरकार से गुहार लगाई थी। पंजाब सरकार की ओर से उनकी इस मांग पर कोई निर्णय नहीं लिया गया जिसके चलते याची को हाईकोर्ट की शरण लेनी पड़ी। याचिकाकर्ता ने बताया कि उन्हें कितनी अवधि तक और कहां रहना है यह जानकारी कोर्ट को सीलबंद कर सौंप दी जाएगी ताकि याचिकाकर्ता की सुरक्षा में सेंध न लग सके। हाईकोर्ट ने याची पक्ष की दलीलों को सुनने के बाद याचिका पर पंजाब सरकार व अन्य को नोटिस जारी कर जवाब दाखिल करने का आदेश दिया है।