संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। शहर में घरेलू गैस सिलिंडर की आपूर्ति समय पर न होने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गैस एजेंसियों पर लंबी कतारें लग रही हैं, लेकिन पर्याप्त सप्लाई न होने से कई लोग खाली हाथ लौट रहे हैं।
स्थिति यह है कि 5 किलो का छोटा सिलिंडर 1782 रुपये तक पहुंच गया है, जिसे खरीदना भी लोगों के लिए महंगा साबित हो रहा है। हालांकि एजेंसियों में छोटे सिलिंडर भेजे गए हैं, लेकिन ऊंची कीमत के कारण उपभोक्ता इन्हें लेने से बच रहे हैं।
शहर के विभिन्न इलाकों में गैस की किल्लत बनी हुई है। लोगों का कहना है कि नियमित सिलिंडर समय पर नहीं मिलने से रसोई का काम प्रभावित हो रहा है और उन्हें महंगे विकल्प अपनाने पड़ रहे हैं।
उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि एजेंसियों की सप्लाई व्यवस्था चरमरा गई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि घरेलू गैस सिलिंडरों की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और कीमतों पर नियंत्रण किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।