पंचकूला। फेडरेशन आफ रेजिडेंट्स एसोसिएशन (फोरा) का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष आरपी मल्होत्रा की अध्यक्षता में नगर निगम महापौर कुलभूषण गोयल से मिला। इसमें पंचकूला के विभिन्न सेक्टरों और घग्गर पार सेक्टरों की विभिन्न एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं के लिए महापौर से समाधान की मांग की।
आरपी मल्होत्रा एवं वरिष्ठ उपप्रधान भारत हितैषी ने महापौर को बताया कि फोरा से संबंधित 35 वेलफेयर एसोसिएशन ने नगर निगम की डोर टू डोर गारबेज कलेक्शन योजना का समर्थन किया था, लेकिन 11 अप्रैल से शुरू हुई इस योजना से शहरवासी संतुष्ट नहीं है। जिस पर महापौर ने आश्वासन दिया कि एक-दो महीने में यह व्यवस्था सुचारु रूप से चलने लगेगी। वरिष्ठ उपप्रधान भारत हितैषी ने प्रापर्टी टैक्स नोटिसों में गड़बड़ी के चलते शहर वासियों को आ रही भारी कठिनाइयों के बारे में महापौर से सेक्टर वाइज कैंप लगाने का अनुरोध किया, तो महापौर ने जल्दी सभी सेक्टरों में कैंप लगाने का आश्वासन दिया। भारत हितैषी ने बताया कि अब सेक्टरों में कैंप लगने के बाद हाथों-हाथ अपना टैक्स ठीक करवा सकेंगे।
उपप्रधान योगिंदर क्वात्रा, संजीव गोयल एवं प्रेस सचिव विजय गुप्ता ने महापौर से पंचकूला की रोड गलियों को मानसून से पहले साफ करवाने एवं शहर की 50 प्रतिशत स्ट्रीट लाइटें ठीक करवाने की मांग की, जिस पर महापौर ने बताया कि रोड गलियों की सफाई का पिछले साल ठेका दिया गया था, जिसकी वैधता अगस्त 2022 तक है और ठेकेदार को निर्देश दिए गए हैं कि रोड गलियों की सफाई तुरंत करे एवं खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने के लिए महापौर ने तुरंत निर्देश दिए।
रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन सेक्टर 16 के प्रधान आरसी गुप्ता ने भगवान परशुराम चौक और इंडस्ट्रियल एरिया से बेल फैक्ट्री की तरफ जाने वाली सड़क स्लिप रोड बनवाने और सेक्टर 9-16 की डिवाइडिंग पर 10 मिसिंग ग्रिलों को फिर से लगवाने का मुद्दा उठाया। सेक्टर- 14 के प्रतिनिधि वीके मेहता, बीके तलवार, पीके पाठक, प्रदीप शर्मा ने उनके सेक्टर की समस्याओं के संबंध में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के साथ बैठक का आयोजन करवाने की मांग की। सेक्टर - 26 के प्रधान धर्म सिंह हीरा ने सेक्टर के सामुदायिक केंद्र की रेनोवेशन एवं पहली मंजिल के निर्माण की मांग उठाई। सेक्टर - 9 के प्रधान आरके लूथरा ने सेक्टर 9-8, 9-10 की तरफ दुर्घटना के खतरे वाले असुरक्षित प्वाइंट्स पर इंडीकेटर लगवाने एवं शोरूमों के पीछे सीवरेज की लीकेज ठीक करवाने की मांग की।
सेक्टर- 17 के प्रधान डीपी सोनी की मांग पर महापौर ने बताया कि इस वर्ष मानसून में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए दो सक्शन मशीनों का 47 लाख रुपये का टेंडर लगा दिया गया है और सेक्टर- 8, 9, 10 एवं 15 में 7 करोड़ रूपये की सडक़ों की रिकारपेंटिंग का काम अगले सप्ताह शुरू हो जाएगा। इस अवसर पर आरपी मल्होत्रा एवं भारत हितैषी के साथ फोरा महासचिव एमसी सेठी, सेक्टर 7 प्रधान जीएस चहल, सेक्टर 4 के प्रधान सुरेंद्र अरोड़ा, सेक्टर -21 प्रधान एमएस कंबोज एवं एसके गोयल, सेक्टर -17 के प्रधान डीपी सोनी, सेक्टर 20 के प्रधान योगिंद्र क्वात्रा, एमडीसी सेक्टर -5 के प्रधान विजय गुप्ता, सेक्टर -25 के प्रधान संजीव गोयल, सेक्टर- 26 के प्रधान धर्म सिंह हीरा, सेक्टर 8 से एचसी गेरा, सेक्टर 24 डीके तलवार, वीके मेहता, सेक्टर 16 प्रधान आरसी गुप्ता एवं अन्य लोग उपस्थित थे।