अमरावती विद्यालय में सदन-आधारित हिंदी और अंग्रेजी भाषण प्रतियोगिता
कक्षा आठवीं से दसवीं के विद्यार्थियों ने देशभक्ति और स्वतंत्रता विषयों पर रखे विचार
संवाद न्यूज एजेंसी
पिंजौर। अमरावती विद्यालय में आयोजित सदन-आधारित हिंदी एवं अंग्रेजी भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया। सीसीए गतिविधि के तहत आयोजित प्रतियोगिता में रोज सदन ने पहला, डैफोडिल सदन ने दूसरा और ट्यूलिप सदन ने तीसरा स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में कक्षा आठवीं से दसवीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंग्रेजी भाषण प्रतियोगिता का विषय स्वतंत्रता कभी भी मुफ्त में नहीं मिलती जबकि हिंदी भाषण प्रतियोगिता का विषय एक राष्ट्र, एक हृदय, एक स्वप्न रखा गया।
डैफोडिल, रोज और ट्यूलिप सदन के प्रतिभागियों ने दोनों भाषाओं में अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। प्रत्येक प्रतिभागी को दो से तीन मिनट का समय दिया गया। विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास, सशक्त अभिव्यक्ति और प्रभावी प्रस्तुति से सभी का ध्यान आकर्षित किया। भाषण के साथ विषय से संबंधित डिजिटल पोस्टर भी प्रदर्शित किए गए।
भाषण कौशल, आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति और विषय की प्रस्तुति के आधार पर परिणाम घोषित किए गए। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों में वक्तृत्व कौशल, आत्मविश्वास, देशभक्ति और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। साथ ही यह विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और विचार मंच पर प्रस्तुत करने का बेहतर अवसर प्रदान करती हैं।